नई दिल्ली : मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रोहित अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में केवल वनडे प्रारूप ही खेलते हैं, ऐसे में इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी। इसी बीच पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने रोहित को लेकर मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को अहम सलाह दी है।
रोहित के रोल को लेकर बड़ी सलाह
भारत के पूर्व स्पिनर भज्जी ने हार्दिक पंड्या को सलाह दी कि रोहित को सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर के दौर पर इस्तेमाल करने के बजाए मैदान पर सक्रिय रखना चाहिए। जियो हॉटस्टार पर बात करते हुए भज्जी ने रोहित शर्मा से मैदान पर सक्रिय रहने का आग्रह किया। हरभजन सिंह ने कहा कि रोहित शर्मा को 12वें खिलाड़ी के तौर पर इस्तेमाल किया गया जो सिर्फ बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह के लीडर वह रहे हैं उनके जैसा खिलाड़ी मैदान पर होना चाहिए।
हार्दिक को रोहित से मिल सकता है फायदा
38 साल के रोहित ने पिछले सीजन में कई मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेले थे और मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर रही थी। हरभजन का यह भी मानना है कि जब भी कोई अहम फैसला लेना होगा तो मुंबई इंडियंस के मौजूदा कप्तान हार्दिक पांड्या को रोहित के अनुभव से काफी फायदा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मुश्किल मैचों में जब आपको कुछ अहम फैसले लेने होते हैं या जब कभी कप्तान को किसी के सहारे की जरूरत होती है तो रोहित शर्मा हार्दिक पांड्या के लिए वह सहारा बन सकते हैं।
रोहित शर्मा ने पिछले सीजन में बनाए 418 रन
पिछले आईपीएल सीजन में रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए 15 मैचों में 29.86 की औसत और 149.29 के स्ट्राइक रेट से 418 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 81 रन रहा। टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत के बावजूद उन्होंने शानदार अंदाज में इसका समापन किया। इस दौरान रोहित ने चार बार 50 या उससे अधिक रन की पारियां खेलीं और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में आईपीएल में 7 हजार रन पूरे करने का भी बड़ा मुकाम हासिल किया।
आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस टीम
हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रयान रिकेल्टन, रॉबिन मिंज, मिचेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, नमन धीर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, अल्लाह गफनजर, अश्विनी कुमार, दीपक चाहर, विल जैक, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डिकॉक, मोहम्मद इजहार, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत।

