हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराया

0

दिल्ली। आईपीएल 2019 का 16वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में खेला गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को इस मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया। दिल्ली ने हैदराबाद के सामने जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य रखा था। हैदराबाद की टीम ने 18.3 ओवर में 5 विकेट पर यह लक्ष्य आसानी के साथ हासिल कर लिया। मोहम्मद नबी ने कगिसो रबाडा की गेंद पर छक्के से हैदराबाद को जीत दिलाई। नबी 17 और यूसुफ पठान 9 रन बनाकर नाबाद लौटे।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जॉनी बेयरस्टॉ ने सर्वाधिक 48 रन की पारी खेली। उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।दिल्ली के लिए कगिसो रबाडा, संदीप लामिछाने, राहुल ते​वतिया, ईशांत शर्मा और अक्षर पटेल के हाथ 1-1 सफलता लगी। इससे पहले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन ही बना सकी। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने दिल्ली के बल्लेबाज असहज नजर आए और रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 43 रन की सर्वोच्च पारी खेली जिसके दम पर दिल्ली की टीम 100 रन का आंकड़ा पार कर सकी।

उनके अलावा दिल्ली का कोई अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। अय्यर के अलावा स्पिनर अक्षर पटेल ने नाबाद 24 रन बनाकर दिल्ली के स्कोर में उपयोगी योगदान दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद नबी और सिद्धार्थ कौल ने 2-2 विकेट चटकाए। राशिद खान और संदीप शर्मा के हाथ भी 1-1 सफलता लगी। आईपीएल के 12वें संस्करण में हैदराबाद की चार मैचों में यह तीसरी जीत है। वहीं, दिल्ली की अब तक खेले गए 5 मैचों में यह तीसरी हार है।

इस मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), कॉलिन इंग्राम, क्रिस मौरिस, अक्षर पटेल, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, Sसंदीप लामिछाने, ईशांत शर्मा।

सनराइजर्स हैदराबाद: जॉनी बेयरस्टॉ (विकेटकीपर), डेविड वार्नर, विजय शंकर, मनीष पांडे, यूसुफ पठाल, दीपक हूडा, राशिद खान, मोहम्मद नबी, भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), संदीप शर्मा, सिद्धार्थ कौल।