नई दिल्ली : अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली अफगानिस्तान सीरीज को 2026 की आखिरी तिमाही तक के लिए स्थगित कर दिया है। यह फैसला इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध के कारण लिया गया, जिससे पश्चिम एशिया में विमान संचालन समेत अन्य लॉजिस्टिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस सीरीज के छह मैच संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह और दुबई में खेले जाने थे और इसकी शुरुआत शुक्रवार, 13 मार्च को होने वाली थी। युद्ध के दौरान पश्चिम एशिया के देशों पर भी हमला हुआ है। इसके कारण दुबई जैसे पर्यटक को आकर्षित करने वाले शहरों से होने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर असर पड़ा है। अफगानिस्तान पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करने वाला था। अफगानिस्तान को श्रीलंका से तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी थी।
शारजाह और दुबई में निर्धारित मैच स्थगित
तीन टी20 मैच 13,15 और 17 मार्च को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने थे। इसके बाद 20, 22 और 25 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में तीन वनडे मैच खेले जाने थे। अमिरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद दोनों जगहों पर मैच होस्ट करने की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मार्च की शुरुआत में अचानक हुई घटनाओं की वजह से परिचालन की दिक्कतें पैदा हो गईं।
कई दौर की बैठक
हालात को देखते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अमिरात क्रिकेट बोर्ड (ECB), शारजाह क्रिकेट स्टेडियम (SCS) और दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (DICS) समेत हितधारकों के साथ कई बार बातचीत की। एसीबी ने 4 मार्च को एक बैठक बुलाई, जिसमें 6 मार्च तक हालात पर नजर रखने की सलाह दी गई। उम्मीद की जा रही थी कि हालात सुधरेंगे। इसके बाद 7 मार्च को हुए बैठक में आखिरी फैसला लेने से पहले 9 मार्च तक इंतजार करने की सलाह दी गई।
परिचालन चुनौतियों के कारण मैच स्थगित
योजना के अनुसार सीरीज आयोजित करने के लिए सभी हितधारकों ने मिलकर प्रयास किया, लेकिन परिचालन संबंधी चुनौतियां दूर नहीं हो सकीं। इसके चलते अफगानिस्तान-श्रीलंका सीरीज को स्थगित करने का फैसला लिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को पूरी जानकारी प्रदान की गई और सीरीज को स्थगित करने का निर्णय उनकी सलाह और सहमति के साथ लिया गया।

