नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब खेल जगत पर भी दिखाई देने लगा है। सुरक्षा हालात को देखते हुए नेपाल में होने वाली आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के छह मुकाबलों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। दूसरी ओर फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने स्पष्ट किया है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के कारण दुनिया भर में बढ़ते तनाव के बावजूद आगामी फुटबॉल विश्व कप को टालने का कोई सवाल नहीं है। फीफा के मुताबिक टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा।
10-20 मार्च के बीच तय थे सभी मैच
आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 की बात करें तो मेजबान नेपाल, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात की त्रिकोणीय शृंखला 10 से 20 मार्च तक त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होनी थी। हालांकि, आयोजकों ने मौजूदा सुरक्षा स्थितियों का हवाला देते हुए मुकाबले रोक दिए हैं। क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप रोडमैप का हिस्सा है। साल 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में वनडे वर्ल्ड कप होना है। आठ टीमों की यह लीग तीन साल तक चलेगी, जिसमें टॉप चार टीमें वर्ल्ड कप क्वालिफायर में जाएंगी। इस संबंध में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) ने अपने X अकाउंट पर एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया है कि आईसीसी और हिस्सा लेने वाले बोर्ड के साथ आगे की बातचीत के बाद नई तारीखें तय की जाएंगी।
आईसीसी से बातचीत के बाद आया नया अपडेट
बयान में कहा गया, “सूचना: क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के मैच स्थगित कर दिए गए हैं। मिडिल ईस्ट में मौजूदा हालात को देखते हुए काठमांडू में 10 मार्च से शुरू होने वाली CWC लीग-2 के मुकाबलों को अगली सूचना तक टाल दिया गया है। जिन मैचों पर इसका असर पड़ा है, उनमें ओमान, यूएई और नेपाल की टीमें शामिल हैं। आगे की बातचीत के बाद आने वाले दिनों में इन मैचों की नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा।”
ईरान संघर्ष के बीच फीफा की स्थिति पर लगातार नजर
दूसरी ओर डलास में फीफा विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता के मुख्य संचालन अधिकारी हेइमो शिर्गी ने सोमवार नौ मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय प्रसारण केंद्र में कहा कि यह बहुत बड़ा टूर्नामेंट है तथा वैश्विक उथल-पुथल के चलते इसे स्थगित करना आसान नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि फीफा ईरान युद्ध और उसके नतीजों पर करीबी नजर रखे हुआ है।
11 जून से होना है फीफा विश्व कप 2026
विश्व कप 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा जिसमें पहली बार 48 देश हिस्सा लेंगे। इनमें ईरान भी शामिल है। हेइमो शिर्गी ने कहा, ‘अगर मैं भविष्यवक्ता होता तो अभी बता सकता था कि क्या होने वाला है, लेकिन जाहिर है कि स्थिति बदल रही है। हालात दिन-प्रतिदिन बदल रहे हैं और हम उन पर कड़ी नजर रख रहे हैं। हम अपने सभी संघीय और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं।’
पहली बार 32 की जगह 48 देश
हेइमो शिर्गी ने कहा, ‘हम हर दिन के हिसाब से चल रहे हैं और किसी न किसी स्तर पर हमें इसका समाधान मिल जाएगा। विश्व कप तो होगा ही, है ना? विश्व कप बहुत बड़ा टूर्नामेंट है और हम उम्मीद करते हैं कि क्वालिफाई कर चुके सभी देश इसमें हिस्सा लेंगे।’ विश्व कप फुटबॉल में इससे पहले 32 देश हिस्सा लेते थे लेकिन पहली बार इस टूर्नामेंट में 48 देश हिस्सा लेंगे।
अमेरिका ने चार देशों के यात्रियों पर लगाया प्रतिबंध
फुटबॉल विश्व कप 2026 का आयोजन अमेरिका के 11, मैक्सिको के तीन और कनाडा के दो स्थानों पर किया जाएगा। अमेरिका ने पहले ही विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुके चार देशों — ईरान, आइवरी कोस्ट, हैती और सेनेगल — पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है, हालांकि खिलाड़ियों, टीम पदाधिकारियों और उनके करीबी रिश्तेदारों को छूट देने की बात कही गई है।
फीफा के अधिकारी हेइमो शिर्गी ने बताया कि संगठन ईरानी फुटबॉल महासंघ के साथ लगातार संपर्क में है ताकि नई जानकारी हासिल की जा सके। उन्होंने बातचीत का विस्तृत विवरण साझा नहीं किया। वहीं, फीफा के पदाधिकारी ‘फैन फेस्टिवल’ के कार्यक्रमों की घोषणा करने के लिए डलास में मौजूद थे। यह कार्यक्रम विश्व कप के दौरान 34 दिनों तक चलेगा।

