नई दिल्ली : भारतीय टीम ने रविवार (8 मार्च) की रात अहमदाबाद में तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा। इस जीत के बाद सभी खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया। मंगलवार 10 मार्च को सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर लौटते नजर आए, जिनमें एक नाम था शिवम दुबे का। टीम के लिए कई उपयोगी पारियां खेलने वाले दुबे का घर वापसी का सफर भी उतना ही यादगार बन गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया गया कि वह ट्रेन के कोच में अपर बर्थ पर खुद को कंबल के अंदर छिपाकर सफर कर रहे थे, जिससे उनका यह सफर भी काफी दिलचस्प और यादगार बन गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिवम दुबे ने बात करते हुए अपने इस यादगार सफर का मजाकिया किस्सा खुलकर बताया। दरअसल फ्लाइट्स के टिकट सब बुक थे और दुबे को मुंबई में घर पर मौजूद बच्चों के पास पहुंचने की जल्दी थी। ऐसे में उन्होंने ट्रेन का सफर किया और अहमदाबाद-मुंबई सयाजी एक्सप्रेस का टिकट ले लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने थर्ड एसी में अपनी पत्नी के साथ सफर किया और फैंस की भीड़ से खुद को बचाने के लिए कंबल से और मास्क से खुद को छिपाया।
टी20 चैंपियन शिवम दुबे का यादगार ट्रेन सफर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिवम दुबे ने बताया,”कोई भी फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी, तो मैंने अहमदाबाद से सुबह जल्दी मुंबई के लिए ट्रेन लेने का फैसला किया। सड़क के रास्ते भी हम जा सकते थे लेकिन ट्रेन जल्दी पहुंचा रही थी। मैं, मेरी पत्नी और मेरा दोस्त ट्रेन में पहुंचे और थर्ड एसी का टिकट उपलब्ध था। हमने बुक कर लिया। मेरा परिवार और दोस्त सब परेशान थे कि अगर किसी ने स्टेशन या ट्रेन में पहचान लिया तो क्या होगा?”
इसके बाद भारतीय क्रिकेटर ने बताया कि कैसे उन्होंने खुद को पब्लिक से छिपाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा,”मैंने एक टोपी पहनी, मास्क लगाया और फुल स्लीव की टी शर्ट डाली। सुबह का तकरीबन 5 बजकर 10 मिनट टाइम था और मैंने सोचा ज्यादा लोग नहीं होंगे प्लेटफॉर्म पर, लेकिन ऐसा नहीं था भारत के जीत की खुशी अभी भी स्टेशन पर दिख रही थी। काफी फैंस वहां थे, इसलिए मैंने प्लान थोड़ा बदल दिया।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिवम ने आगे बताया,”मैंने अपनी पत्नी को बोला कि मैं कार में ही इंतजार करूंगा और ट्रेन चलने के 5 मिनट पहले मैं निकलूंगा और फिर ट्रेन में आ जाउंगा।” जैसे-तैसे शिवम का यह प्लान पूरा हुआ और वह ट्रेन में चढ़ गए। वह अपने बुक किए गए कोच और सीट पर पहुंचते ही सीधे अपर बर्थ पर जाकर लेट गए और खुद को कंबल में छिपा लिया। उसके बाद जो हुआ वह और मजेदार था जब टीटी टिकट चेक करने पहुंचा।
टीटी ने पूछा ‘शिवम दुबे कौन है?’ और सामने आया दिलचस्प जवाब
जब टीटी शिवम दुबे और उनकी पत्नी की सीट पर टिकट चेक करने पहुंचे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में पूछा, “शिवम दुबे? वो कौन है, क्रिकेटर?” इसके बाद दुबे की पत्नी अंजुम ने तुरंत स्थिति को संभाला और पहचान छिपाने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अंजुम ने कहा, “नहीं, नहीं, वो कहां से आएगा।” इसके बाद टीटी टिकट देखकर आगे बढ़ गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिवम ने अपने इस सफर के बारे में हंसते हुए बताया, “रात को जब मैं अपनी सीट से उतरा और वॉशरूम गया, तो किसी ने मुझे पहचान नहीं पाया। ट्रेन का सफर ठीक था, लेकिन डर यह था कि जब बोरीवली में दिन के समय पहुंचेंगे, तो लोगों की नजरों से मैं नहीं बच पाऊंगा। इसके बाद मैंने पुलिस को मदद के लिए कॉल किया। पहले उन्हें लगा कि मैं एयरपोर्ट पर उतर रहा हूं, लेकिन फिर मैंने बताया कि मैं ट्रेन से आ रहा हूं। मुझे पुलिस सुरक्षा मिली और मैं आसानी से घर पहुंच गया।”
शिवम दुबे की शानदार और यादगार टी20 वर्ल्ड कप 2026 यात्रा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिवम दुबे का सफर इस वर्ल्ड कप में भी बेहद यादगार रहा। निश्चित ही वह इस टूर्नामेंट और ट्रेन के यादगार सफर दोनों को हमेशा याद रखेंगे। शिवम ने पूरे टूर्नामेंट में 235 रन बनाए, जिसमें उनकी औसत 39 और स्ट्राइक रेट 169 रहा। उनके बल्ले से कुल 17 छक्के और 15 चौके निकले। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में उपयोगी 26 रन बनाए। कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी उनके इस अहम योगदान की हमेशा सराहना की।

