भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी मनीषा कीर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपना शानदार स्वर्णिम प्रदर्शन जारी रखते हुए आज भी एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। मनीषा कीर ने यह पदक अकादमी के ही खिलाड़ी अनवर खान के साथ ट्रेप मिक्सड इवेंट में 35 अंकों के साथ अर्जित किया। दिल्ली 32 अंकों के साथ दूसरे और महाराष्ट्र के खिलाड़ी 30 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मनीषा कीर का यह दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पूर्व मनीषा कीर ने ट्रैप वूमेन व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी हर्षित बिंजवा और जबलपुर की खिलाड़ी श्रेया अग्रवाल की जोड़ी ने अंडर-21 वर्ग के 10 मीटर एयर राइफल मिक्सड इवेंट में कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाया।
यूथ गेम्स में इंदौर की खिलाड़ी कान्या नायर ने आज भी तैराकी के 200 मीटर मिडले इवेंट में एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। उनका यह दूसरा कांस्य पदक है। इसके पूर्व कान्या ने 400 मीटर व्यक्तिगत मिडले रेस मे कांस्य पदक जीता है। इसी प्रकार प्रदेश के वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी कान्हा त्यागी ने 96 किलोग्राम वजन वर्ग तथा जूडो खिलाड़ी रोहित कोष्टा ने एक सौ किलोग्राम भारवर्ग में एक-एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाया।