नई दिल्ली: आईपीएल 2025 में 14 वर्षीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने अपना डेब्यू करते ही इतिहास रच दिया था। उस सीजन शतक लगाने के बाद इस युवा खिलाड़ी ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा और अब वह इंडिया ए और इंडिया अंडर-19 टीम का भी अहम हिस्सा बन चुके हैं। वहीं, उनकी तरह ही वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के मेगा ऑक्शन में भी एक 16 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने सभी का ध्यान खींचा है। इस खिलाड़ी का नाम दीया यादव है, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है, जिससे उनकी प्रोफेशनल क्रिकेट में शुरुआत भी जोरदार तरीके से हुई है।
गौरतलब है कि WPL के मेगा ऑक्शन में 67 खिलाड़ियों की बोली कुल पांच टीमों ने लगाई थी। इसमें दीया का नाम भी शामिल था। वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनी हैं। इस टीम में पहले से शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स जैसी विश्व विजेता भारतीय बैटर शामिल हैं। शेफाली हाल ही में वर्ल्ड कप फाइनल की प्लेयर ऑफ द मैच भी रही थीं। खास बात यह है कि 16 वर्षीय दीया शेफाली को अपना रोल मॉडल भी मानती हैं। वह हरियाणा के लिए शेफाली के साथ खेल भी चुकी हैं।
दीया यादव की करियर की टर्निंग प्वॉइंट पारी
दिल्ली कैपिटल्स द्वारा दीया पर बोली लगाने के बाद शेफाली वर्मा ने इंस्टाग्राम पर उन्हें बधाई भी दी थी। दीया तीन साल से शेफाली के साथ खेलती आ रही हैं। उनका खेलना का स्टाइल भी ठीक भारतीय ओपनर की तरह है। उन्होंने अंडर 15 वुमेंस वनडे कप में त्रिपुरा के खिलाफ 125 गेंद पर 213 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इस पारी के बाद दीया ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा भी कि इससे पहले उन्हें कोई नहीं जानता था। यह पारी उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट थी।
इस साल आयोजित सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में शेफाली ने सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया, वहीं दीया यादव हरियाणा की तरफ से दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 6 पारियों में कुल 298 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के सीईओ सुनील गुप्ता ने बताया कि उनकी नजरें दीया पर अंडर-15 सर्किट के समय से ही थीं। उनकी शॉट खेलने की क्षमता और बॉल को स्ट्राइक करने की आक्रामक शैली ने दिल्ली की फ्रेंचाइजी को काफी प्रभावित किया और उन्हें टीम में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
WPL 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का स्क्वाड
जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, एनाबेल सदरलैंड, मारिजान कैप, निकी प्रसाद, लॉरा वोल्वार्ट, श्री चरणी, स्नेह राणा, लिजेल ली, दीया यादव, शिनेल हेनरी, तानिया भाटिया, ममता माडीवाला, लूसी हैमिल्टन, नंदनी शर्मा,और मिन्नु मनी।

