शिखर धवन की नई कप्तानी पर बवाल, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कानूनी कार्रवाई की कही बात

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंटल कप टूर्नामेंट के आयोजकों पर जमकर निशाना साधा है। दरअसल, धवन को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली एशियाई टीम का कप्तान घोषित किया गया है। इस टीम में पाकिस्तान के 4 खिलाड़ियों के अलावा भारत के भी 4 खिलाड़ी शामिल हैं। धवन ने दावा किया कि कप्तान के रूप में उनके नाम की घोषणा उनकी सहमति के बिना की गई। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है।

बिना सहमति कप्तान घोषित किए जाने पर भड़के शिखर धवन

शिखर धवन ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि मैंने देखा है कि वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में एक प्रतिभागी के तौर पर मेरा नाम शामिल किया गया है। आयोजकों ने मेरी जानकारी या अनुमति के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है और मेरी टीम इस मामले में उचित कानूनी कदम उठाएगी। मैं मीडिया और अपने प्रशंसकों से अनुरोध करता हूँ कि वे किसी भी अनधिकृत घोषणा पर ध्यान न दें और न ही उस पर भरोसा करें। आपके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।

शिखर धवन को कप्तान घोषित करने पर विवाद, आयोजकों ने जताया खेद

हालांकि धवन के चेतावनी के बाद आयोजकों ने एक बयान जारी किया जिसमें कहा गया कि हमें यह बताते हुए खेद है कि शेड्यूल की दिक्कतों और कुछ तकनीकी कारणों से शिखर धवन आगामी वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के लिए एशिया वॉरियर्स टीम का हिस्सा नहीं होंगे। हम शिखर धवन को उनके सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं, और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। बाद में उन्होंने श्रीलंका के पूर्व कप्तान दिमुथ करुणारत्ने को टीम का कप्तान घोषित किया।

वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंटल कप का पहला सीजन दिसंबर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 5 टीमें हिस्सा लेंगी। एशिया वॉरियर्स के अलावा यूरोप चैंपियंस, अफ्रीकन लायंस और नॉर्थ अमेरिका ईगल्स भी टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगी। एक सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट की मेजबानी हांगकांग करेगा। गौरतलब है कि शिखर धवन ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के बाद दुनिया भर में आयोजित कई टी20 टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है। इनमें लीजेंड्स लीग क्रिकेट, वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स और एशिया लीजेंड्स लीग जैसे टूर्नामेंट शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here