24.4 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

लॉर्ड्स से मीरपुर तक: मुशफ़िकुर रहीम का 100 टेस्ट का अभूतपूर्व सफर

ढाका। बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद नामों में शामिल मुशफ़िकुर रहीम जल्द ही अपने करियर का 100वां टेस्ट खेलने वाले हैं। मीरपुर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाला दूसरा टेस्ट उनके लिए सिर्फ़ एक मैच नहीं बल्कि दो दशक की कड़ी मेहनत, निरंतरता और योगदान का प्रतीक होगा। मुशफ़िकुर यह उपलब्धि हासिल करने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। मुशफ़िकुर ने 2005 में इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर टेस्ट डेब्यू किया था। वह तब टेस्ट इतिहास में सबसे कम उम्र में लॉर्ड्स पर डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने, और यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। पिछले 20 सालों में उनका करियर कई बदलावों, भूमिकाओं और उपलब्धियों से गुजरा, लेकिन जो चीज हमेशा स्थायी रही, वह थी उनकी बल्लेबाजी में मजबूती और टीम के लिए योगदान की भावना।मुशफ़िकुर बांग्लादेश के अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने 6000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाए हैं। उनके 38.02 के औसत को देखते हुए यह समझना आसान है कि वह लंबे समय तक टीम के महत्वपूर्ण स्तंभ क्यों रहे। तमीम इक़बाल को छोड़कर कोई भी बांग्लादेशी बल्लेबाज उनकी बराबरी नहीं कर पाया है। उनके नाम 12 टेस्ट शतक हैं, जिनमें दो दोहरे शतक शामिल हैं। वह दुनिया के एकमात्र विकेटकीपर बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में एक से अधिक दोहरे शतक लगाए हैं।

उनके करियर का मोड़ 2013 से माना जाता है। शुरुआती 30 टेस्ट में औसत 28.85 रहा, लेकिन इसके बाद उन्होंने अगले 69 टेस्ट में 42.53 की औसत से रन बनाए। इसी दौर में बांग्लादेश की टेस्ट टीम भी मजबूत होती गई। यही वह समय था जब उन्होंने 11 शतक लगाए और टीम को कई अहम जीतों में योगदान दिया।

2013 में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ उनका 200 रन का पारी बांग्लादेश का पहला टेस्ट दोहरा शतक बना। पांच साल बाद 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मीरपुर में उन्होंने 219 रन बनाए, जो अब तक बांग्लादेश का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। 2020 में उन्होंने फिर जिम्बाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक (203) बनाकर इतिहास में सिर्फ तीसरे ऐसे बल्लेबाज बने जिन्होंने पांचवें नंबर या उससे नीचे खेलते हुए तीन या अधिक दोहरे शतक लगाए हों।

मुशफ़िकुर के पास सात प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हैं, जो किसी भी बांग्लादेशी टेस्ट खिलाड़ी से सबसे ज्यादा हैं। इनमें से तीन विदेश में हासिल हुए, जो उनकी क्षमता और अनुकूलन की ताकत को दर्शाते हैं। घर से बाहर उनका औसत 38.70 रहा है, जो घरेलू औसत से भी ज्यादा है। उन्होंने विदेशों में सबसे ज्यादा रन (2748) और सबसे ज्यादा शतक (छह) बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 2024 में 191 रन की पारी उनकी विदेशों में सबसे बड़ी पारी रही, जिसने टीम को यादगार जीत दिलाई।

उनकी कप्तानी और विकेटकीपिंग भी रिकॉर्ड से भरी है। 34 टेस्ट में उन्होंने कप्तानी की और 55 टेस्ट में विकेटकीपिंग की। विकेटकीपर और कप्तान दोनों भूमिकाएं एक साथ निभाने में वह एमएस धोनी के बाद दूसरे स्थान पर हैं। विकेटकीपर के रूप में उनके 3515 रन और 113 शिकार उन्हें बांग्लादेश टेस्ट इतिहास में शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल करते हैं। दिलचस्प तथ्य यह है कि अपने करियर के सबसे अहम टेस्ट, यानी 100वें मैच, वह उसी मैदान पर खेलेंगे जहां उन्होंने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन (5000+) बनाए हैं। एक ही मैदान पर इतने रन किसी भी खिलाड़ी ने नहीं बनाए हैं, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है। मुशफ़िकुर रहीम का यह सफर सिर्फ आंकड़ों की कहानी नहीं है। यह उस खिलाड़ी की दास्तान है जिसने बांग्लादेश क्रिकेट को पहचान दिलाने में बड़ा योगदान दिया। उनके 100 टेस्ट इस बात का सबूत हैं कि अनुशासन, धैर्य और निरंतर सुधार ही किसी खिलाड़ी को महानता तक पहुंचाते हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles