पर्थ. पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे में बारिश के कारण मुकाबला 26-26 ओवर का रखा गया। भारतीय टीम ने 26 ओवर में 9 विकेट खोकर 136 रन बनाए। डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 131 रन बनाने हैं। केएल राहुल ने सबसे अधिक 38 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर ने भी टीम को कुछ मजबूत पारियां दी।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 8 रन पर आउट हुए, विराट कोहली खाता भी नहीं खोल पाए, कप्तान शुभमन गिल ने 10 और श्रेयस अय्यर 11 रन बनाए। पहले 25 रन तक भारत ने तीन विकेट खो दिए और 45 रन पर चार विकेट गिर गए। इससे टीम को मध्य और निचले क्रम की पारियों पर भरोसा करना पड़ा।
टीम इंडिया लगातार 16वें वनडे में टॉस हार चुकी है। विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में वनडे में पहली बार शून्य पर आउट हुए हैं और यह उनके वनडे करियर में 17वीं बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है। मिचेल स्टार्क दुनिया के दूसरे गेंदबाज हैं, जिन्होंने विराट को 2 बार शून्य पर आउट किया है, इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन के बाद। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों ने टीम इंडिया को लगातार दबाव में रखा और 3 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट लिए।

