नई दिल्ली : साल 2026 के पहले ही दिन क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक शुरुआत हुई। साउथ अफ्रीका टी20 लीग के मौजूदा सत्र में गुरुवार, 1 जनवरी को जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स और डरबन सुपर जायंट्स के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में अंत तक रोमांच अपने चरम पर था। सुपर किंग्स ने महज 3 गेंदों में सुपर ओवर जीतकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
यह न केवल साल 2026 का पहला सुपर ओवर था, बल्कि साउथ अफ्रीका टी20 लीग के इतिहास का भी पहला सुपर ओवर साबित हुआ। लीग के पिछले तीन सीज़न में किसी भी मैच का नतीजा सुपर ओवर में नहीं निकला था, लेकिन चौथे सीजन में पहली बार ऐसा रोमांच देखने को मिला। इस ऐतिहासिक जीत में सुपर किंग्स के स्टार ऑलराउंडर डोनोवन फरेरा ने अहम भूमिका निभाई और अपनी टीम को सुपर ओवर में जीत दिलाने का हीरो बने।
तीन गेंदों में कैसे सुपर किंग्स ने जीता रोमांचक मैच?
मैच की बात करें तो पहले बैटिंग करते हुए जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स ने अपने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 205 रन बनाए। शुभमन रंजन ने 31 गेंदों में नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली, वहीं डोनोवन फरेरा ने अंत में 10 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। जवाब में डरबन सुपर जायंट्स ने भी 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए और मुकाबला सुपर ओवर तक पहुँच गया।
डोनोवोन फरेरा वैसे तो विकेटकीपर थे लेकिन उन्होंने मैच में गेंदबाजी भी की और 4 ओवर में मात्र 24 रन देकर एक विकेट भी लिया। सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी में 3 विकेट लेने वाले रिचर्ड ग्लीसन हीरो रहे और सुपर ओवर में भी उन्होंने एक विकेट लेकर डरबन को सिर्फ 5 रन के स्कोर पर रोक दिया। उन्होंने जोस बटलर और इवान जोन्स को रन नहीं बनाने दिए।
सुपर ओवर में जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स की पारी की शुरुआत राइली रूसो ने की, जबकि डरबन सुपर जायंट्स के लिए नूर अहमद गेंदबाजी के लिए आए। पहली गेंद पर ही रूसो ने चौका लगाया, दूसरी गेंद डॉट रही, और तीसरी गेंद पर फिर से चौका लगाकर सुपर किंग्स ने मात्र तीन गेंदों में मैच जीत लिया। अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए डोनोवन फरेरा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। फरेरा ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग—तीनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई।

