नई दिल्ली : Umran Malik 2023 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाए हैं। भारत के लिए 10 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज की एंट्री अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहद धमाकेदार रही थी, लेकिन हालिया समय में उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका है। नवी मुंबई में खेले जा रहे DY Patil T20 Cup में उमरान की जमकर पिटाई हुई, जहां उन्होंने महज दो ओवर में 59 रन खर्च कर दिए। एक ओवर में तो 36 रन लुटा बैठे, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया और उनके लिए यह मैच काफी निराशाजनक साबित हुआ।
उमरान मलिक इस टूर्नामेंट में टाटा स्पोर्ट्स क्लब की टीम के लिए खेल रहे हैं। इस टीम की कमान संभाल रहे हैं शार्दुल ठाकुर। इस मैच में पहले खेलते हुए टाटा की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए। आर्यन पाटनी ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। कप्तान शार्दुल 3 गेंद पर 11 रन बनाकर रनआउट हो गए। जवाब में मुंबई कस्टम्स की टीम ने 16 ओवर में ही सिर्फ एक विकेट गंवाकर 9 विकेट से मैच जीता।
उमरान की भयंकर पिटाई, महंगा साबित हुआ स्पेल
उमरान मलिक ने इस मैच में दो ओवर फेंके लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने उन पर बिल्कुल रहम नहीं किया। पहले ओवर में उमरान ने एक चौका और तीन छक्कों के साथ कुल 23 रन खर्च किए। उसके बाद फिर जब वह 13वां ओवर फेंकने आए तो उनके ऊपर 36 रन पड़े। इस ओवर में उमरान ने तीन चौके और तीन छक्के खाए। वहीं ओवर में तीन नो बॉल और एक वाइड बॉल भी उन्होंने फेंकी। उमरान मलिक का प्रदर्शन लगातार पिछले कुछ सालों में गिरता रहा है। वह दिसंबर 2025 के बाद अब क्रिकेट फील्ड पर उतरे।
मुंबई के रुग्वेद का तूफानी शतक, मैच में मचा धमाल
मुंबई कस्टम्स के लिए 24 वर्षीय बल्लेबाज रुग्वेद मोरे ने 46 गेंद पर नाबाद 101 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं उनके साथी ओपनर सचिन यादव 46 गेंद पर 80 रन बनाकर आउट हुए और यह एकमात्र विकेट मुंबई की टीम का गिरा। रुग्वेद ने अपनी नाबाद पारी में 10 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने 16 ओवर में ही अपनी टीम को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई।
Umran Malik को आईपीएल में Kolkata Knight Riders ने 75 लाख रुपये में खरीदा है। लेकिन आईपीएल शुरू होने से पहले उनका हालिया प्रदर्शन केकेआर के लिए चिंता का सबब बन सकता है। मथीसा पथिराना और हर्षित राणा, जो दोनों फ्रेंचाइजी के खिलाड़ी हैं, इंजरी के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा, Mustafizur Rahman को विवाद के चलते रिलीज करना पड़ा। ऐसे में तेज गेंदबाजी विभाग में चुनौतियां बढ़ सकती हैं और उमरान पर फ्रेंचाइजी की नजरें होंगी कि वह इस जिम्मेदारी को संभाल पाएँ।

