Asia Cup cricket 2023: कोलंबो से छिन सकती है फाइनल सहित सभी मैचों की मेजबानी

0
Asia Cup cricket 2023
Asia Cup cricket 2023

नई दिल्लीः एशिया कप का आयोजन इस बार पाकिस्तान और श्रीलंका में हो रहा है। हाइब्रिड मॉडल के तहत खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। दरअसल, एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) कोलंबो से फाइनल सहित वहां होने वाले सारे मैचों की मेजबानी वापस ले सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां होने वाले मैचों को दांबुला या कैंडी में मैचों को शिफ्ट किया जा सकता है। कोलंबो में सुपर-4 के अलावा फाइनल मैच होने हैं।

दरअसल, कोलंबो में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। कैंडी में भी बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान का मैच रद्द हो गया था। अब भारत और नेपाल के मैच पर भी बारिश का साया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कोलंबो में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना है। ऐसे में वहां मैच पूरे नहीं हो पाएंगे। इस कारण एसीसी बड़े फैसले पर विचार कर रहा है।

एशिया कप के 13 में से चार मैचों की मेजबानी पाकिस्तान के पास है। वहीं, नौ मैचों की मेजबानी श्रीलंका को मिली है। वहां बारिश ने पहले ही एक मैच को बर्बाद कर दिया है। अगर टूर्नामेंट में ज्यादातर मैच बारिश की भेंट चढ़ गए तो क्रिकेट फैंस को रोमांच देखने को नहीं मिलेगा और एसीसी को टूर्नामेंट से मुनाफा भी नहीं होगा। अब तक ग्रुप राउंड में तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं। ग्रुप राउंड में कोई मुकाबला कोलंबो में नहीं होना है। वहां फाइनल सहित छह मुकाबले होने हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here