odi World Cup SA vs NZ : दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 190 रन से हराया, केशव महाराज और मार्को यानसेन की कातिलाना गेंदबाजी

0
odi World Cup SA vs NZ: South Africa beats New Zealand by 190 runs
odi World Cup SA vs NZ: South Africa beats New Zealand by 190 runs

पुणे। दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में छठी जीत हासिल करते हुए न्यूजीलैंड को 190 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अफ्रीकी टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। उसके अब 12 अंक हो गए। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड को एक पायदान का नुकसान हुआ। वह तीसरे से चौथे स्थान पर आ गया। सात मैचों में उसकी यह तीसरी हार है। उसके खाते में आठ अंक हैं। विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे बाकी बचे दोनों मैचों में जीत हासिल करनी होगी।

एक मैच जीतने पर उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। न्यूजीलैंड की टीम चार नवंबर को पाकिस्तान और नौ नवंबर को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका को अंतिम दो मैच भारत (पांच नवंबर) और अफगानिस्तान (10 नवंबर) के खिलाफ खेलना है।न्यूजीलैंड को कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में चार विकेट पर 357 रन बनाए।

जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 35.3 ओवर में 167 रन पर सिमट गई। उसके सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। ग्लेन फिलिप्स ने 50 गेंद पर 60 रन बनाए। विल यंग ने 33 और डेरिल मिचेल ने 24 रन बनाए। रचिन रवींद्र और ट्रेंट बोल्ट ने नौ-नौ रन, मिचेल सैंटनर और टिम साउदी ने सात-सात रन, टॉम लाथम ने चार और डेवोन कॉन्वे ने दो रन बनाए। जेम्स नीशम शून्य पर आउट हुए। मैट हेनरी खाता खोले बगैर नाबाद रहे।

केशव महाराज और यानसेन गेंदबाजी में छाए
दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज और मार्को यानसेन ने कातिलाना गेंदबाजी की। महाराज ने नौ ओवर में 46 रन देकर चार विकेट लिए। मार्को यानसेन ने आठ ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट चटकाए। गेराल्ड कोएत्जी को दो और कगिसो रबाडा को एक सफलता मिली।

डिकॉक और डुसेन का शतक
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में चार विकेट पर 357 रन बनाए। अफ्रीकी टीम के लिए ओपनर क्विंटन डिकॉक और हेनरिच क्लासेन ने शतकीय पारी खेली। डुसेन ने 118 गेंद पर 133 रन बनाए। डिकॉक ने 116 गेंद पर 114 रन की पारी खेली। डुसेन ने अपनी पारी में नौ चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, डिकॉक ने 10 चौके और तीन छक्के उड़ाए।

डेविड मिलर ने 30 गेंद पर 53 रन बना दिए। उन्होंने दो चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान तेम्बा बावुमा ने 24 रन बनाए। हेनरिच क्लासेन सात गेंद पर 15 और एडेन मार्करम एक गेंद पर छह रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने दो विकेट लिए। ट्रेंट बोल्ट और जेम्स नीशम को एक-एक सफलता मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here