Rishabh Pant मैदान पर लौटने के लिए तैयार, कैपिटल्स के लिए करेंगे विकेटकीपिंग

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) से पहले भारतीय क्रिकेट और दिल्ली कैपिटल्स (DC) को बड़ी खुशखबरी मिली है। दिसंबर 2022 में कार दुर्घटना का शिकार हुए ऋषभ पंत मैदान पर लौटने के लिए तैयार हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें आईपीएल 2024 के लिए फिट घोषित कर दिया है।खास बात यह है कि बोर्ड ने उन्हें बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज फिट घोषित किया है। 30 दिसंबर 2022 को दिल्ली से अपने घर देहरादून जाते वक्त ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे थे। इसके बाद वह 14 महीने तक मैदान से दूर रहे।उनके घुटने की सर्जरी हुई थी।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार, 12 मार्च को आईपीएल 2024 से पहले ऋषभ पंत, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर अपडेट जारी किया। पंत को फिट करार दिया गया है। वहीं शमी और प्रसिद्ध कृष्णा इस बार आईपीएल नहीं खेल पाएंगे। ऋषभ पंत को लेकर बोर्ड ने कहा, “30 दिसंबर 2022 को उत्तराखंड के रूड़की के पास सड़क दुर्घटना के बाद 14 महीने की रिहैब और रिकवरी प्रॉसेस से गुजरने के बाद ऋषभ पंत को अब आईपीएल 2024 के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में फिट घोषित किया गया है।”

दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते दिख सकते हैं पंत
ऋषभ पंत का बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज फिट घोषित होने का मतलब है कि वह दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते दिख सकते हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अभी तक ऐलान नहीं किया है। कोच रिकी पोंटिंग ने पहले ही साफ कर चुके हैं कि अगर पंत पूरे सीजन के लिए फिट होते हैं तो वह कप्तान होंगे। ऐसा नहीं होने पर कोई विकल्प देखना होगा।

पंत को टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम में जगह मिल सकती है
ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में दिल्ली कैपिटल्स का 2023 में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। डेविड वॉर्नर ने टीम की कमान संभाली थी। टीम को विकेटकीपर बल्लेबाज की कमी खली थी। पंत को टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम में जगह मिल सकती है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोमवार, 11 मार्च को कहा था कि अगर पंत विकेटकीपिंग के लिए फिट हुए तो उन्हें जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में चुना जा सकता है। आईपीएल के तुरंत बाद टी20 वर्ल्ड कप होना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here