IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स की हार के बाद कप्तान के साथ खिलाड़ियों को भी देना होगा हर्जाना

0

नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स को बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में हार मिली। दिल्ली के खिलाफ कोलकाता ने रिकॉर्ड 272 रन बनाए जिसके जवाब में दिल्ली की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 192 से मैच हार गई। इस मुकाबले में केकेआर के बल्लेबाजों ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम पर आईपीएल की गाज गिरी है।

समय पर ओवर पूरे नहीं कर सकी दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स की टीम केकेआर के खिलाफ मैच में गेंदबाजी करते हुए अपने 20 ओवर समय पर पूरा नहीं कर सकी। स्लो ओवर रेट नियम के तहत टीम को 90 मिनट में 20 ओवर खत्‍म करने होते हैं। हालांकि केकेआर के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के 20 ओवर दो घंटे में खत्म हुए। इसी कारण कप्तान ऋषभ पंत के साथ-साथ पूरी टीम पर फाइन लगा है।

कप्तान के साथ पूरी टीम पर लगा जुर्माना
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को 24 लाख रुपए का फाइन भरना होगा। वहीं प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों को भी हर्जाना देना होगा। छह लाख रुपए या मैच फीस के 25 प्रतिशत में से जो भी कम होगा खिलाड़ियों को वह रकम हर्जाने के तौर पर देनी होगी।

ऋषभ पंत पर लग सकता है बैन
दिल्ली कैपिटल्स स्लो ओवर रेट के कारण दूसरी बार जुर्माना लगाया गया है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने सीएसके के खिलाफ भी समय पर 20 ओवर पूरे नहीं किए थे। उस समय केवल ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपए का फाइन लगा था। अगर दिल्ली कैपिटल्स तीसरी बार यह गलती करती है तो कप्तान ऋषभ पंत को 30 लाख रुपए जुर्माना भरना होगा वहीं उनपर एक मैच का बैन भी लगेगा। पंत के अलावा टीम के बाकी खिलाड़ियों पर 12-12 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here