नई दिल्ली: IPL 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 20 रन से मिली हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान और भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को प्रमुख पूर्व खिलाड़ियों की तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2024 में यह चौथी हार है। महान सुनील गावस्कर ने हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी और कप्तानी बिल्कुल सामान्य करार दिया। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी प्लान ए के फेल होने पर प्लान बी नहीं अपनाने पर हार्दिक पंड्या को लताड़ लगाई। सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘ओह, बिल्कुल सामान्य गेंदबाजी, सामान्य कप्तानी। ऋतुराज गायकवाड़ के शिवम दुबे के साथ इतनी अच्छी बल्लेबाजी करने के बावजूद उन्हें रोका जाना चाहिए था। मेरा मानना है कि उन्हें (चेन्नई सुपर किंग्स) 185-190 तक सीमित रखा जाना चाहिए था। शायद सबसे बदतर गेंदबाजी जो मैंने काफी लंबे समय बाद देखी है।’
हार्दिक ने 3 ओवर में लुटाए 43 रन
हार्दिक पंड्या ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 3 ओवर में भले ही 2 विकेट लिए हों, लेकिन इसके लिए उन्होंने 43 रन खर्च किए। हार्दिक ने पारी के अंतिम ओवर में 26 रन दिए, जिसमें एमएस धोनी ने लगातार 3 छक्के मारे। बल्लेबाजी करते हुए भी वह 6 गेंद में सिर्फ दो रन ही बना पाए। रोहित शर्मा की 63 गेंद में नाबाद 105 रन की पारी के बावजूद मुंबई इंडियंस 207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन ही बना पाई।
हार्दिक ने प्लान बी क्यों नहीं अपनाया?
केविन पीटरसन ने इस बात परआश्चर्य जताया कि जब सुपरकिंग्स के बल्लेबाज तेज गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से रन बना रहे थे तो हार्दिक पंड्या ने अपने स्पिनर्स का इस्तेमाल क्यों नहीं किया। केविन पीटरसन ने कहा, मैंने एक कप्तान को देखा जिसके पास पांच घंटे पहले हुई टीम मीटिंग में प्लान ए था, लेकिन जब प्लान ए काम नहीं किया तो उसने प्लान बी का इस्तेमाल क्यों नहीं किया, जबकि उसे प्लान बी में जाना चाहिए था।
हार्दिक पर पड़ रहा आलोचनाओं का असर
केविन पीटरसन का मानना है कि इस ऑलराउंडर पर बाहरी आलोचना का असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं वास्तव में सोचता हूं कि खेल के इतर की चीजें हार्दिक पंड्या पर बहुत प्रभाव डाल रही हैं। जब वह टॉस के लिए जाता है तो वह बहुत मुस्कुराता है। वह ऐसा दिखाने की कोशिश कर रहा है जैसे वह बहुत खुश है। …लेकिन वह खुश नहीं है। यह मेरे साथ हुआ है। मैं इसका सामना कर चुका हूं और मैं आपको बता सकता हूं कि यह आप पर प्रभाव डालता है।’
आलोचनाओं से प्रभावित हो रहा हार्दिक का क्रिकेट
केविन पीटरसन ने कहा, ‘अभी हम जो हूटिंग सुन रहे हैं। मुझे पता है कि वे सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान (धोनी) द्वारा मैदान के हरतरफ उसके (पंड्या) खिलाफ शॉट खेलने से खुश थे, इससे आपको दुख होता है। क्योंकि उनमें भावनाएं हैं। वह एक भारतीय खिलाड़ी और वह नहीं चाहता कि उसके साथ इस तरह का व्यवहार किया जाए इसलिए जब यह होता है तो इसका उस पर असर होता है। यह उसके क्रिकेट पर असर डाल रहा है।’


