IPL 2024: कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित शर्मा का प्रदर्शन निखरा

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में रोहित शर्मा अलग ही फॉर्म में दिख रहे हैं। कप्तानी से हटाए जाने के बाद उनका प्रदर्शन काफी निखरा है। उन्होंने 7 मैच में 297 रन ठोक दिए हैं। 12 साल से शतक के इंतजार को भी खत्म किया। खास बात यह है कि रोहित का स्ट्राइक 164 से ज्यादा का है और औसत भी बेहतरीन है। उन्होंने लगभग 50 की औसत से रन बनाए हैं। पिछले 7 सीजन में 2017 से 2013 के बीच रोहित शर्मा का औसत 30 से नीचे ही रहा। 2022 में तो 20 से भी नीचे था। 2023 में 16 मैच में उन्होंने 20.75 की औसत और 132.80 के स्ट्राइक रेट से 332 रन बनाए थे। 2022 में 14 मैच में उन्होंने 19.14 की औसत और 120.18 के स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए थे। 2021 में 13 मैच में 29.30 की औसत और 127.42 के स्ट्राइक रेट से 381 रन बनाए थे।

सुनील गावस्कर ने किया था मुंबई इंडियंस का बचाव
आईपीएल 2023 में रोहित शर्मा जूझते दिखे थे। इस दौरान लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने उन्हें ब्रेक लेने तक की सलाह दे दी थी। जब मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया और हार्दिक पंड्या को कमान सौंपी तो खूब बवाल हुआ। मुंबई इंडियंस और पंड्या को खूब आलोचना का सामना करना पड़ा। गावस्कर ने मुंबई इंडियंस के फैसले का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि पिछले दो सीजन में रोहित में पहले जैसा जोश नहीं दिखा था। वह बल्ले से भी योगदान नहीं दे पा रहे थे।

सही साबित हो रही बाउचर की बात!
आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस के कोच मार्क बाउचर का एक इंटरव्यू आया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि क्यों रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया गया था। रोहित की पत्नी ऋतिका ने इस पर कमेंट किया था,जिसके बाद यह पॉडकास्ट डिलीट कर दिया गया था। स्मैश स्पोर्ट्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट इस इंटरव्यू में बाउचर ने कहा था कि कप्तानी से हटने के बाद रोहित शर्मा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। वह रन बनाएंगे। बल्लेबाज के तौर पर पिछले कुछ सीजन में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है।

भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर
अब कोई कुछ भी कहे। रोहित शर्मा को जिस तरह से कप्तानी से मुंबई इंडियंस ने हटाया उस पर बहस हो सकती है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर बहस हो सकती है। हो सकता है आईपीएल 2024 में टीम काफी खराब प्रदर्शन करे, लेकिन कप्तानी से हटने के बाद रोहित शर्मा का बल्ला जरूर चलने लगा है। वनडे वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की थी उसी टेम्पलेट के साथ वह आईपीएल 2024 में खेल रहे हैं। यह भारतीय टीम के अच्छी खबर है, जिसे जून में टी20 वर्ल्ड कप 2024 खेलना है।

कप्तानी का असर बल्लेबाजी पर
अगर किसी को यह लगता है कि आईपीएल में रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर कप्तानी का असर नहीं पड़ता था वह 2019 का आंकड़ा देख लें। आईपीएल 2019 में रोहित ने 15 मैच में 28.92 की औसत और 128.57 के स्ट्राइक रेट से 405 रन बनाए थे। उनकी कप्तानी में टीम चैंपियन बनी थी। वहीं 2019 वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए रोहित शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 5 शतक की मदद से 648 रन ठोके थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here