IPL 2024: आरसीबी और विराट कोहली का दिल एक बार फिर टूट गया

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स (RR)ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)को हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बनाई। इसके साथ ही आरसीबी और विराट कोहली का दिल एक बार फिर टूट गया। आईपीएल 2024 के फर्स्ट हाफ में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करने वाली बेंगलुरु की टीम का सफर एलिमिनेटर में समाप्त हुआ।

इसके साथ ही दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग में सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी और सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर का चैंपियन बनने का 17 साल इंतजार बरकरार रहा। विराट कोहली का अहमदाबाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 185 दिन में दूसरी बार दिल टूटा। 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भारतीय टीम की हार के बाद विराट समेत पूरे देश का दिल टूटा था। इसके बाद 22 मई को विराट और क्रिकेट फैंस का इसी स्टेडियम में एक बार फिर दिल टूटा।

आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का 8 मैच में 7 हार के बाद बोरिया बिस्तर पैक माना जा रहा था, लेकिन इसके बाद फाफ डुप्लेसिस की टीम ने शानदार वापसी की। लगातार 6 मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई। 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया। उसका यह सुनहरा सफर 22 मई को एलिमिनेटर में राजस्थान से हारकर समाप्त हो गया। पहले 9 मैच में 8 जीत के बाद लगातार 4 मैच हारने वाली राजस्थान की टीम मई में पहली बार जीती और क्वालिफायर-2 में पहुंची, जहां उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)से शुक्रवार (24 मई) को होगा।

बेंगलुरु के प्लेऑफ तक पहुंचने में विराट कोहली की भूमिका अहम रही। फाफ डुप्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल और कैमरन ग्रीन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। पूरे सीजन विराट कोहली ने अकेले टीम का भार अपने कंधों पर ढोया। विराट ने 15 मैच की 15 पारी में 61.75 की औसत और 154.70 की स्ट्राइक रेट से 741 रन बनाए। उनके सिर पर ऑरेंज कैप है। शायद ही कोई बल्लेबाज इस सीजन उनसे आगे निकल पाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here