नई दिल्ली: आईपीएल 2024 का फाइनल मुकाबला केकेआर ने हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर जीत लिया। इस जीत के साथ ही केकेआर इस लीग में तीसरी बार चैंपियन बनी। फाइनल मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ पहले केकेआर के गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की तो वहीं दूसरी पारी में वेंकटेश अय्यर की बल्लेबाजी देखने योग्य रही जिन्होंने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। इस मैच में केकेआर को जीत के लिए 114 रन का आसान टारगेट मिला था जिसे इस टीम ने 10.4 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया।
वेंकटेश अय्यर ने की रैना और वॉर्नर की बराबरी
फाइनल मैच में केकेआर की तरफ से वेंकटेश अय्यर ने काफी तेज बल्लेबाजी की। पहली पारी में जहां हैदराबाद के बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरसते नजर आए तो वहीं दूसरी पारी में वेंकटेश की बल्लेबाजी देखकर ऐसा बिल्कुल भी नहीं लगा कि ये वही पिच है जिस पर हैदराबाद के बल्लेबाज संघर्ष करते हुए नजर आए थे। इस मैच में सुनील नरेन 2 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हो गए तो वहीं रहमानुल्ला गुरबाज ने 32 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली और पवेलियन लौट गए, लेकिन वेंकटेश अय्यर क्रीज पर डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे।
कप्तान श्रेयस अय्यर भी इस मैच में 3 गेंदों पर एक चौके की मदद से 6 रन बनाकर नाबाद रहे। वेंकटेश अय्यर ने फाइनल मैच में हैदराबाद के खिलाफ 200.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 26 गेंदों पर 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से नाबाद 52 रन की पारी खेली। इस मैच में उन्होंने अपना अर्धशतक 24 गेंदों पर पूरा किया और आईपीएल फाइनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले आईपीएल फाइनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और सुरेश रैना था। इन दोनों ने भी ये कमाल फाइनल मैच में 24-24 गेंद पर किया था और अब वेंकटेश ने भी ऐसा 24 गेंदों पर कर दिया और इन दोनों के साथ इस खास लिस्ट में शामिल हो गए।
आईपीएल फाइनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
24 गेंद – डेविड वॉर्नर
24 गेंद -सुरेश रैना
24 गेंद – वेंकटेश अय्यर
आईपीएल फाइनल में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज
2 – वेंकटेश अय्यर
2 – माइकल हसी
2 – सुरेश रैना
2 – रिद्धिमान साहा
2 – रोहित शर्मा<br>2 – शेन वॉटसन


