Singapore Open: सात्विक और चिराग सिंगापुर ओपन के शुरुआती दौर में उलटफेर का शिकार

0

सिंगापुर: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की नंबर एक पुरुष जोड़ी को मंगलवार को सिंगापुर ओपन बैडमिंटन के शुरुआती दौर में डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ उलटफेर का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को विश्व रैंकिंग में 34वें स्थान पर काबिज जोड़ी के खिलाफ 47 मिनट तक चले मुकाबले में 20-22 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक सात्विक और चिराग की जोड़ी ने इस महीने की शुरुआत में थाईलैंड ओपन सुपर 500 का खिताब जीता था।

सुपर 750 स्तर के टूर्नामेंट सिंगापुर ओपन के पहले दौर में इस जोड़ी के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी निराशा का सामना करना पड़ा। आकर्षी कश्यप और प्रियांशु राजावत भी अपने अपने वर्ग में पहले दौर को पार करने में विफल रहे। महिला एकल रैंकिंग में 41वें स्थान पर काबिज आकर्षी को थाईलैंड की पोर्नपिचा चोइकेवोंग से 7-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि पुरुष एकल में 42वीं रैंकिंग के खिलाड़ी राजावत को हांगकांग के ली चेउक यियू ने करीबी मुकाबले में 21-23, 19-21 से हराया।

ऋतुपर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा की महिला युगल जोड़ी भी चीनी ताइपे की चांग चिंग हुई और यांग चिंग तुन से 12-21, 21-12, 13-21 से हार गईं। असित सूर्या और अमृता प्रमथेश भी मिश्रित युगल में हांगकांग के ली चून हेई रेजिनाल्ड और एनजी त्ज याउ से 8-21, 17-21 से हार गए। पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय जैसे शीर्ष भारतीय शटलर बुधवार को अपना अभियान शुरू करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here