नई दिल्ली: पाकिकस्तान और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 से ठीक पहले 4 मैचों की टी20आई सीरीज खेली गई। इस सीरीज के आखिरी मैच में इंग्लैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान की टीम को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 4 मैचों की इस सीरीज को 2-0 से जीत लिया।
इस सीरीज का पहला और तीसरा मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया था, लेकिन पहले और चौथे मैच में जोस बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड के सामने बाबर आजम की सेना की एक नहीं चली और इस टीम को 0-2 से सीरीज गंवानी पड़ी। जोस बटलर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया जबकि चौथे मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए आदिल राशिद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और पाकिस्तान की टीम 19.5 ओवर में 157 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने ओपनिंग की और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी हुई, लेकिन इसके बाद कप्तान बाबर आजम 22 गेंदों पर 36 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। रिजवान ने भी 23 रन की पारी खेली जबकि तीसरे नंबर पर आए उस्मान खान ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। इफ्तखार अहमद ने 21 रन और नसीम शाह ने 18 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से मार्क वुड, आदिल राशिद और लिविंगस्टोन ने 2-2 विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर, क्रिस जॉर्डन और मोईन अली को 1-1 सफलता मिली।
इंग्लैंड की टीम को जीत के लिए 158 रन का टारगेट मिला था और इस टीम ने इस लक्ष्य को 15,3 ओवर में 3 विकेट पर 158 रन बनाकर हासिल कर लिया। इंग्लैंड की तरफ से फिल साल्ट ने 24 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली जबकि कप्तान जोस बटलर ने 21 गेंदों पर 39 रन बनाए। विल जैक्स 20 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं इसके बाद जॉनी बेयरस्टो ने नाबाद 28 रन और हैरी ब्रुक ने नाबाद 17 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी और सीरीज को 2-0 से जीत लिया। पाकिस्तान की तरफ से दूसरी पारी में हारिस राऊफ को सभी 3 विकेट मिले।


