नई दिल्ली: आज टी20 विश्व कप 2024 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड से है। यह मैच गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय है। वहीं, इंग्लैंड की टीम ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से हार चुकी है। इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। इस मैच में बारिश विलेन बन सकती है। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया।
14वें ओवर में भारत को 113 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। आदिल रशीद ने रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। वह 39 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सूर्यकुमार के साथ 73 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल सूर्या का साथ निभाने हार्दिक पांड्या आए हैं।
बारिश एक बार फिर रुक चुकी है। अंपायर्स मैदान के निरीक्षण के लिए पहुंचे हैं। मैदानकर्मी भी एक्शन में दिखाई पड़ रहे हैं और कवर्स हटा रहे हैं। धूप खिल चुकी है। हालांकि, आउटफील्ड गीली दिखाई पड़ रही है। वहीं, कवर्स पर भी काफी पानी जमा है। ऐसे में फैंस को काफी इंतजार करना पड़ सकता है। बारिश के कारण खेल रुकने तक भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
बारिश के कारण मैच को रोक दिया गया है। खेल रुकने तक टीम इंडिया ने दो विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 26 गेंद में 37 रन और सूर्यकुमार यादव सात गेंद में 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। विराट कोहली नौ रन बनाकर और ऋषभ पंत चार रन बनाकर आउट हुए थे। कोहली को टॉप्ली ने क्लीन बोल्ड किया था, जबकि पंत को सैम करन ने बेयरस्टो के हाथों कैच कराया था। अब से ठीक 175 मिनट यानी तीन घंटे बाद ओवर्स कटने शुरू हो जाएंगे।


