35.8 C
New Delhi
Sunday, April 20, 2025

ब्रायन लारा ने बताया कौन तोड़ सकता है उनके नाबाद 400 रन का टेस्ट रिकॉर्ड

नई दिल्ली: टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम पर दर्ज है। उन्होंने ये कमाल 12 अप्रैल 2004 को इंग्लैंड के खिलाफ एंटीगा रिक्रिएशन ग्राउंड, सेंट जॉन्स, एंटीगा में किया था। लारा का ये रिकॉर्ड पिछले 20 साल से अटूट है, लेकिन उनके इस रिकॉर्ड को कौन तोड़ सकता है इसके बारे में उन्होंने खुद बताया और इसके लिए दो भारतीय बल्लेबाजों के नाम लिए। लारा के मुताबिक भारतीय युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल में इतनी काबिलियत है कि कोई भी उनके इस रिकॉर्ड से आगे निकल सकता है।

लारा ने अपने इस रिकॉर्ड के बारे में बात करते हुए कहा कि वीरेंद्र सहवाग, क्रिस गेल, सनथ जयसूर्या जैसे कई दिग्गजों ने उनके इस रिकॉर्ड को चुनौती जरूर दी थी, लेकिन कोई इससे आगे नहीं निकल पाया। उन्होंने डेली मेल से बात करते हुए कहा कि मेरे समय में कई ऐसे खिलाड़ी थे जो इस रिकॉर्ड को चुनौती देते थे या कम से कम 300 रन का आंकड़ा पार करते थे। उन्होंने कहा कि इस लिस्ट में सहवाग, गेल, इंजमाम-उल-हक, जयसूर्या जैसे खिलाड़ी थे जो काफी आक्रामक थे। उन्होंने आगे कहा कि इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक क्रॉली और हैरी ब्रुक साथ ही भारतीय युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल भविष्य में उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब हो सकते हैं।

लारा ने आगे कहा कि आज कितने आक्रामक खिलाड़ी खेल रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों में इंग्लैंड के जैक क्रॉली और हैरी ब्रुक हैं तो वहीं शायद भारतीय टीम में यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल हैं। अगर उन्हें सही स्थिति मिले तो ये रिकॉर्ड टूट सकता है। आपको बता दें कि जैक क्रॉली टेस्ट क्रिकेट में दमदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनका बेस्ट स्कोर 267 रन है तो वहीं हैरी ब्रुक भी उभरते हुए सितारे हैं जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक 20 पारियों में 62.15 की औसत और 91.76 की स्ट्राइक रेट से 1181 रन बनाए हैं। ब्रूक का टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 186 है।

यशस्वी जायसवाल ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ दो दोहरे शतक लगाकर लंबी पारी खेलने की अपनी भूख पहले ही दिखा दी है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर में 16 पारियों में 68.53 की औसत से 1028 रन बनाए हैं। शुभमन गिल ने भी अपने टेस्ट करियर की अच्छी शुरुआत की और ऐतिहासिक गाबा टेस्ट के पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जीतने वाली 91 रन की पारी खेली। अब तक खेले गए 25 मैचों में इस युवा खिलाड़ी ने 35.52 की औसत से 1492 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और छह अर्द्धशतक शामिल हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि इन चारों में से कौन तिहरा शतक बनाने वाला पहला खिलाड़ी बनेगा और लारा के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंचेगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles