गंभीर की जिद पर लौटे कोहली-रोहित, भारत-श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल

0

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने और फिर जिम्बाब्वे को उसी के घर में हराने के बाद अब भारतीय टीम श्रीलंका दौरे के लिए तैयार है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार (18 जुलाई) को ही श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस दौरे पर भारतीय टीम को 3 मैचों की वनडे और 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. भारतीय टीम के नए हेड कोच गौतम गंभीर का अपनी जिम्मेदारी संभालने के बाद यह पहला दौरा रहेगा.

उन्होंने अपनी शर्तों पर यह कोचिंग का पद संभाला है. ऐसे में गंभीर ने इस श्रीलंका दौरे से ही अपने तीखे तेवर स्पष्ट कर दिए हैं. दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2024 जिताने के बाद कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ब्रेक ल‍िया था. उन्होंने श्रीलंका दौरे से भी ब्रेक के ल‍िए कहा था, लेकिन गंभीर चाहते थे कि जो भी ख‍िलाड़ी हैं वह तीनों ही फॉर्मेट में खेलें. गंभीर ने साफ कह दिया था कि उन्हें श्रीलंका दौरे पर सभी सीनियर प्लेयर मौजूद चाहिए खासकर कोहली और रोहित. गंभीर ने इन दोनों से भी श्रीलंका सीरीज में खेलने का आग्रह किया था.

ऐसे में भारतीय टीम के ऐलान के साथ ही गंभीर की जिद भी पूरी हो गई. यानी रोहित और कोहली को वनडे सीरीज में लौटना ही पड़ा. बता दें कि यह दोनों टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं.
हालांकि बुमराह किसी कारण से अब भी ब्रेक पर हैं. दूसरी ओर टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वनडे सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया है. बतौर स्पिन ऑलराउंडर उनके विकल्प के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल को जगह दी गई है.

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय स्क्वॉड
भारत की टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, खलील अहमद और मोहम्मद सिराज.

भारत की वनडे टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, रियान पराग, अक्षर पटेल, खलील अहमद और हर्षित राणा.

भारत-श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल
27 जुलाई- पहला टी20, पल्लेकेल
28 जुलाई- दूसरा टी20, पल्लेकेल
30 जुलाई- तीसरा टी20, पल्लेकेल
2 अगस्त- पहला वनडे, कोलंबो
4 अगस्त- दूसरा वनडे, कोलंबो
7 अगस्त- तीसरा वनडे, कोलंबो

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here