पूर्व हॉकी कप्तान पीआर श्रीजेश पेरिस ओलंपिक के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेंगे

0

नई दिल्ली: अनुभवी गोलकीपर और भारत के पूर्व हॉकी कप्तान पीआर श्रीजेश ने सोमवार 22 जुलाई 2024 को घोषणा की कि पेरिस ओलंपिक उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। 328 अंतरराष्ट्रीय मैच, तीन ओलंपिक खेल और कई राष्ट्रमंडल खेल और विश्व कप जीतने वाले 36 साल के पीआर श्रीजेश अपने चौथे ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेंगे। खेलों के महाकुंभ का नवीनतम संस्करण 26 जुलाई से शुरू होगा।

हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में श्रीजेश ने कहा, ‘जब मैं पेरिस में अपने अंतिम मैच की तैयारी कर रहा हूं, तो मैं बहुत गर्व के साथ पीछे देखता हूं और उम्मीद के साथ आगे बढ़ता हूं। यह यात्रा असाधारण रही है और मैं अपने परिवार, साथियों, कोचों, प्रशंसकों और हॉकी इंडिया से मिले प्यार और समर्थन के लिए हमेशा आभारी रहूंगा। मुझ पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद। मेरे साथी कठिन समय में मेरे साथ खड़े रहे हैं। हम सभी पेरिस में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं और निश्चित रूप से, हमारी इच्छा अपने पदक का रंग बदलने की है।’

2010 विश्व कप में पदार्पण करने वाले श्रीजेश भारत के लिए कई यादगार जीत का हिस्सा रहे हैं। इसमें 2014 एशियाई खेलों में स्वर्ण और जकार्ता-पालेमबांग में 2018 एशियाड में कांस्य पदक शामिल हैं। वह 2018 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की संयुक्त विजेता टीम के अलावा भुवनेश्वर में 2019 एफआईएच पुरुष सीरीज फाइनल चैंपियन टीम में भी थे।

जैसा कि उन्होंने कहा, उनके करियर का सबसे महत्वपूर्ण क्षण भारत का 2020 टोक्यो ओलंपिक अभियान था। श्रीजेश ने 1980 के बाद हॉकी में भारत को अपना पहला ओलंपिक पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। श्रीजेश ने 2006 में भारत के लिए पदार्पण किया और सीनियर टीम के लिए 328 मैच खेले हैं। अनुभवी गोलकीपर ने टीम की कप्तानी भी की। उनके नेतृत्व में ही भारत ने 2016 रियो ओलंपिक में हिस्सा लिया था। श्रीजेश ने कहा, ‘टोक्यो 2020 में हमारा ओलंपिक कांस्य पदक जीतना एक सपने के सच होने जैसा था। आंसू, खुशी, गर्व – यह सब इसके लायक था।’ श्रीजेश 2022 बर्मिंघम खेलों में रजत और पिछले साल एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here