Graham Thorpe: इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्राहम थोर्प की मौत पर हुआ बड़ा खुलासा

0

नई दिल्ली: इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्राहम थोर्प का पांच अगस्त को 55 साल की उम्र में निधन हो गया था। इसकी पुष्टि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने की थी। अब थोर्प की मौत पर बड़ा खुलासा हुआ है। उनकी पत्नी ने बताया कि थोर्प ने आत्महत्या की थी। पूर्व क्रिकेटर की पत्नी अमांडा थोर्प ने कहा कि उनके पति काफी समय से डिप्रेशन और एंग्जाइटी से जूझ रहे थे। उन्होंने साथ ही कहा कि थोर्प ने दो साल पहले भी अपनी जान लेने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि थोर्प ने निधन से पहले खुद के साथ एक लंबी मानसिक और शारीरिक लड़ाई लड़ी थी।

इससे पहले एक रिपोर्ट में थोर्प की पत्नी के हवाले से कहा गया था कि, पत्नी और दो बेटियां होने के बावजूद, जिनसे वह बहुत प्यार करते थे और जो उन्हें दिलों जान से चाहते थे, वह स्वस्थ नहीं हो पाए। वह हाल के दिनों में काफी अस्वस्थ थे और वास्तव में उन्हें लगता था कि उनके बिना हम बेहतर जिंदगी व्यतीत करेंगे लेकिन उन्होंने अपनी जान गंवा दी और हम बर्बाद हो गए।

थोर्प ने इंग्लैंड के लिए 1993 से 2005 के बीच 100 टेस्ट खेले थे। इसके साथ ही वह इंग्लैंड की सीनियर पुरुष टीम के बैटिंग कोच भी रह चुके हैं। वह साल 2022 से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। उन्हें अफगानिस्तान का मुख्य कोच भी नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह अपने कार्यकाल को पूरा नहीं कर सके थे। थोर्प ने वर्षों तक इंग्लैंड क्रिकेट को सेवा दी और इस खेल के सबसे शानदार बल्लेबाजों में से एक थे। उनका कद इतना बड़ा था कि दुनियाभर के फैंस उन्हें सम्मान की नजरों से देखते थे। अपने 13 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में थोर्प ने इंग्लैंड समेत अपने क्लब सरे के लिए कुछ महत्वपूर्ण मैच जीते। इस बल्लेबाज ने सरे के लिए काउंटी क्रिकेट खेला और टीम के लिए करीब 20,000 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here