Duleep Trophy 2024: इंडिया सी और इंडिया डी की संभावित प्लेइंग 11, श्रेयस और अर्शदीप पर निगाहें

0

नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी 2024 गुरुवार (5 सितंबर) को शुरू हो रही है। इसमें इंडिया ए का बेंगलुरु में टूर्नामेंट का पहला मुकाबला इंडिया बी से होगा। इसी दिन इंडिया सी और इंडिया डी के बीच मैच अनंतपुर में होंगे। इंडिया सी को टूर्नामेंट से पहले बड़ा झटका लगा है। सूर्यकुमार यादव पहले दौर से बाहर हो गए हैं। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्यकुमार को हाथ में चोट लगी है। वह इंडिया सी के दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में डी टीम के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे।

इंडिया डी के लिए विकेटकीपर इशान किशन के खेलने पर संशय है। वह भी सूर्यकुमार यादव की तरह बुची बाबू टूर्नामेंट में खेले थे। खबरें हैं कि इशान भी दलीप ट्रॉफी के फर्स्ट स्टेज से बाहर हो सकते हैं। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इंडिया सी बनाम इंडिया डी मैच में ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर और देवदत्त पडिक्कल पर निगाहें होंगी। अक्षर पटेल भी खेलते दिखेंगे। दोनों टीम की संभावित प्लेइंग 11 पर नजर डालते हैं:

इंडिया सी

इंडिया सी के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं। प्रमुख भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में, सी टीम में बाबा इंद्रजीत और साई सुदर्शन हैं, जो लंबे समय तक बल्लेबाजी करके शानदार शतक बना सकते हैं। इसके अलावा, अभिषेक पोरेल और आर्यन जुयाल को शामिल करने से उनकी बल्लेबाजी लाइन-अप और मजबूत होगी। दोनों बल्लेबाज निचले मध्य क्रम में तेजी से रन बना सकते हैं।

मयंक मार्कंडे स्पिन आक्रमण की अगुआई करेंगे

फोकस इंडिया सी के स्पिनरों पर होगा। मयंक मार्कंडे स्पिन आक्रमण की अगुआई करेंगे, वहीं मानव सुथार और ऋतिक शौकीन जैसे खिलाड़ी भी घातक हो सकते हैं। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले अंशुल कंबोज को भी प्लेइंग 11 में जगह मिल सकती है। अनुभवी संदीप वारियर आरसीबी के प्रतिभाशाली सीम गेंदबाज विजयकुमार वैशाख के साथ तेज गेंदबाजी की अगुआई करेंगे।

इंडिया सी की इंडिया डी के खिलाफ संभावित प्लेइंग इलेवन

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), बाबा इंद्रजीत, साई सुदर्शन, अभिषेक पोरेल, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), मानव सुथार, ऋतिक शौकीन, अंशुल कंबोज, मयंक मारकंडे, विजयकुमार विशक, संदीप वारियर।

इंडिया डी

इंडिया डी की बात करें तो कप्तान श्रेयस अय्यर के नंबर 4 पर खेलने की उम्मीद है। अपनी आक्रामक और नियंत्रित बल्लेबाजी शैली के लिए जाने जाने वाले अय्यर टीम डी की पारी को आगे बढ़ाने वाले इंजन होंगे। इस बीच, यश दुबे के नंबर -5 पर खेलने की संभावना है। उन्होंने 9 रणजी मैचों में 615 रन बनाकर प्रभावित किया है। विकेटकीपर की बात करें तो इशान किशन के उपलब्ध होने पर केएस भरत को बेंच पर हो सकते हैं। अगर संजू सैमसन भी टीम में आ जाते हैं तो भी भरत को बेंच पर बैठना पड़ सकता है।

अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह पर निगाहें

इंडिया डी के स्पिन विभाग की अगुआई भारत के प्रमुख टेस्ट स्पिनरों में से एक अक्षर पटेल और ऑलराउंडर सारांश जैन करेंगे, जिन्होंने पिछले रणजी सत्र में 8 मैचों में 20.00 की शानदार औसत से 27 विकेट लिए थे। तेज गेंदबाजी की अगुआई अर्शदीप सिंह करेंगे। उनपर ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले चयनकर्ताओं की निगाहें हैं। पिछले महीने भारत के लिए डेब्यू करने वाले हर्षित राणा लाल गेंद वाले क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।

इंडिया डी की इंडिया सी के खिलाफ संभावित प्लेइंग 11

अथर्व तायडे, देवदत्त पडिक्कल, रिकी भुई, श्रेयस अय्यर (कप्तान) यश दुबे, इशान किशन/संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, सारांश जैन, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, तुषार देशपांडे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here