UEFA Nations League: रोनाल्डो ने करियर का रिकॉर्ड 900वां गोल दागा, पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया

0

नई दिल्ली: बैलन डी’ओर के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किए गए पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो गुरुवार को क्रोएशिया के खिलाफ मैच में करियर गोल दागने के बाद भावुक हो गए। रोनाल्डो ने करियर का रिकॉर्ड 900वां गोल दागा जिससे उनकी टीम ने यूएफा नेशंस लीग के पहले मैच में क्रोएशिया को 2-1 से हरा दिया। रोनाल्डो ने कुछ दिन पहले सऊदी अरब में अपने क्लब अल-नस्र के लिए शानदार फ्री-किक पर गोल किया और इस उपलब्धि के नजदीक पहुंचे थे। गुरुवार रात को इस 39 वर्षीय फुटबॉलर ने माइलस्टोन हासिल करते हुए ऐसे जश्न मनाया, जैसे कि उन्होंने अपने करियर का पहला गोल किया हो।

सऊदी अरब में क्लब फुटबॉल खेलने वाले रोनाल्डो ने एस्टाडियो डा लूज में खेले गए मैच के 34वें मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर गोल कर प्रोफेशनल फुटबॉल में इतिहास रच दिया। पुर्तगाल की जर्सी में यह उनका 131वां गोल रहा। गोल का जश्न मनाते हुए रोनाल्डो भावुक नजर आए। 900 में से उनके आधे गोल रियल मैड्रिड के लिए आए हैं। बाकी गोल उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैच के अलावा स्पोर्टिंग लिस्बन, मैनचेस्टर यूनाइटेड, युवेंतस और मौजूदा क्लब अल नस्र के लिए किए हैं।

रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर अपने माइलस्टोन को शेयर भी किया है। इस पोस्ट में उन्होंने कुछ ऐसा लिखा जिससे यह प्रतीत होता है कि वह हाल-फिलहाल में संन्यास नहीं लेने जा रहे हैं। उन्होंने लिखा- मैंने इसका सपना देखा था, मेरे और भी कई सपने हैं। आप सभी का धन्यवाद! रोनाल्डो को विश्व के महानतम फुटबॉलर्स में से एक माना जाता है। उनके और अर्जेंटीना के लियोनल मेसी के बीच मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर को लेकर बहस रहती है। हालांकि, मेसी ने 2022 में फीफा विश्व कप जीतकर कुछ हद तक इस बहस को आसान बना दिया था, लेकिन रोनाल्डो का क्लब करियर बेहद शानदार है। रोनाल्डो पहले से ही प्रोफेशनल फुटबॉल और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर मेसी हैं, जिन्होंने प्रोफेशनल फुटबॉल करियर में 838 गोल किए हैं।

मैच की बात करें तो रोनाल्डो के गोल से पहले डिओगो डालोट के गोल ने पुर्तगाल को शुरुआत में ही बढ़त दिला दी थी। हालांकि, डालोट ने इसके बाद एक आत्मघाती गोल भी दागा, जिससे स्कोर 1-1 हो गया। रोनाल्डो के गोल से पुर्तगाल जीत हासिल करने में कामयाब रहा। दोनों टीमें नेशंस लीग के ग्रुप ए-1 में पोलैंड और स्कॉटलैंड के साथ हैं। पुर्तगाल रविवार को लिस्बन में स्कॉटलैंड की मेजबानी करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here