India vs South Korea: कोरिया को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत, खिताबी मुकाबले में चीन से होगा सामना

0

बीजिंग: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दक्षिण कोरिया को सेमीफाइनल में 4-1 से हराकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। भारत का अब फाइनल में सामना चीन से होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान को हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अजेय बनी हुई है।

भारत और चीन के बीच मंगलवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम रिकॉर्ड पांचवें खिताब की तलाश में उतरेगी। भारत के लिए इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि उत्तम सिंह और जरमनप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किया। दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल जिहुन यांग ने तीसरे क्वार्टर में दागा था।

शुरुआत से बनाई बढ़त

दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत ने पहले क्वार्टर से ही बढ़त बनाए रखी। सबसे पहले उत्तम सिंह ने गोल कर भारत को 1-0 से आगे किया। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाते हुए बढ़त दोगुनी कर ली। दूसरे क्वार्टर में भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल किया। इस तरह भारत ने पहला हॉफ खत्म होने तक दक्षिण कोरिया पर 2-0 की बढ़त बना ली थी।

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने दागा गोल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे क्वार्टर में भी दक्षिण कोरिया के खिलाफ बढ़त बरकरार रखी। दक्षिण कोरिया ने हॉफ टाइम के बाद वापसी करने की कोशिश की और गोल दागा, लेकिन भारत से आगे नहीं निकल सका। तीसरे क्वार्टर में कोरिया के लिए जिहुन यांग ने गोल किया, तो वहीं, भारत की ओर से जरमनप्रीत सिंह ने भी तीसरा गोल दागने में देर नहीं लगाई। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस मैच का दूसरा गोल किया जिससे भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 4-1 की बढ़त बना ली। दक्षिण कोरिया ने अंत तक बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी।

दक्षिण कोरिया के खिलाफ बरकरार रखा दबदबा

यह 62वीं बार था जब भारत किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच में दक्षिण कोरिया का सामना कर रहा था। पहली बार दोनों 1958 में टोक्यो में एशियाई खेलों में एक-दूसरे के खिलाफ खेले थे। तब भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया था। भारत ने अब तक 39 और दक्षिण कोरिया ने 11 मैच जीते हैं। वहीं, 12 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए। दोनों के बीच इससे पहले आखिरी मैच इसी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पूल स्टेज के दौरान खेला गया था, जहां भारत ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया था। भारत ने हालांकि, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भी यह लय बरकरार रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here