नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेंगलुरु टेस्ट में ऐसा नजारा देखने को मिला जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की थी। घर पर टीम इंडिया का जिस तरह का दबदबा रहा है उसे देखते हुए शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह टीम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माने जाने वाले चिन्नास्वामी स्टेडियम में महज 46 रन के स्कोर पर ढेर हो जाएगी। इस स्कोर के कारण जो शर्मनाक रिकॉर्ड अब तक न्यूजीलैंड के नाम था वह अब भारत के नाम हो गया है।
भारत के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
भारत में खेले गए सभी टेस्ट मैचों में एक पारी में सबसे छोटा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अब न्यूजीलैंड के नाम था। साल 2021 में न्यूजीलैंड की भारतीय जमीन पर 62 रन के स्कोर पर ऑलआउट हुई थी। हालांकि भारत ने गुरुवार को यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब भारत ही अपनी जमीन पर सबसे छोटा स्कोर टेस्ट स्कोर बनाने वाली टीम हो गई है।
तीसरा सबसे छोटा रिकॉर्ड
भारतीय टीम पहली बार अपने घर पर 50 से कम के स्कोर पर आउट हुई। वहीं टीम इंडिया के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत का यह तीसरा सबसे छोटा स्कोर है। भारतीय टीम साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी। वहीं इससे पहले 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ टीम 42 रन पर पवेलियन लौट गई थी। गुरुवार को भारत ने टेस्ट क्रिकेट का अपना तीसरा सबसे छोटा स्कोर दर्ज किया।
भारत के लिए ऋषभ पंत ने बनाए सबसे ज्यादा रन
भारतीय टीम ने सबसे पहले रोहित शर्मा का विकेट खोया जिसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे। टीम के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों का कहर साफ दिखाई दिया। मैट हेनरी ने 5 विकेट और विलियम ओ’रूर्के ने 4 विकेट लिए। हेनरी ने टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। टिम साउदी के खाते में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का विकेट आया। मेजबान टीम ने स्पिन गेंदबाजों का प्रयोग नहीं किया।