SMAT: चोट से वापसी कर रहे ऑलराउंडर ने विस्फोटक बल्लेबाजी की, सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा

0

नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सर्विसेज के खिलाफ मंगलवार (3 दिसंबर) को मुंबई ने शानदार प्रदर्शन किया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने के बाद मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 रन बनाए। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा। चोट से वापसी कर रहे ऑलराउंडर शिवम दुबे ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने 7 छक्के लगाए। सूर्यकुमार ने 46 गेंद पर 152.17 के स्ट्राइक रेट की मदद से 70 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। शिवम दुबे ने 37 गेंद पर 191.89 के स्ट्राइक रेट से 71 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 7 छक्के लगाए। वह नाबाद रहे।

सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे के बीच 130 रन की साझेदारी

मुंबई की खराब शुरुआत के बाद सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने न सिर्फ टीम को मुश्किल स्थिति से निकाला बल्कि बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। दोनों के बीच 66 गेंद पर 130 रन की साझेदारी हुई। इससे पहले ओपनर पृथ्वी शॉ का बल्ला नहीं चला। वह बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए।

पृथ्वी शॉ के साथ अजिंक्य रहाणे ओपनिंग करने उतरे

मुंबई की टीम को सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे की वापसी के बाद प्लेइंग 11 में बदलाव करना पड़ा। पृथ्वी शॉ के साथ अजिंक्य रहाणे ओपनिंग करने उतरे। उन्होंने 18 गेंद पर 22 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंद पर 20 रन बनाए। सूर्यांश शेड़गे 1 रन बनाकर नाबाद रहे। सर्विसेज के लिए पूनम पूनिया, विशाल गौड़, विकास उमेश यादव और अमित शुक्ला ने 1-1 विकेट लिए। इससे पहले नागालैंड के खिलाफ मुंबई की जीत में पृथ्वी ने 29 गेंद पर 40 रन बनाए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here