नई दिल्ली: न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच शनिवार (14 दिसंबर) से खेला जा रहा टेस्ट मैच दिग्गज कीवी खिलाड़ी टिम साउदी का आखिरी इंटरनेशनल मैच है। साउदी ने अपने रिटारमेंट टेस्ट को पहले दिन न्यूजीलैंड की पहली पारी में तूफानी बल्लेबाजी करके खास बनाया। 8 विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए साउदी ने 10 गेंद पर 230 के स्ट्राइक रेट से 23 रन बनाए। टिम साउदी ने इस दौरान 1 चौका और 3 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में छक्का लगाने के मामले में साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी जैक कैलिस को पीछे छोड़ दिया। वहीं वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल की बराबरी कर ली। कैलिस के टेस्ट में 97 छक्के हैं। गेल के 98 छक्के हैं।
बेन स्टोक्स के नाम सबसे ज्यादा छक्के
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में टिम साउदी चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्हें तीसरे पर पहुंचने के लिए केवल 3 छक्के चाहिए। ऐसा वह दूसरी पारी में कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी एडम गिलक्रिस्ट के 100 छक्के हैं। इसके अलावा ब्रेंडन मैकुलम के 107 और बेन स्टोक्स के 133 छक्के हैं।
मिचेल सैंटनर का अर्धशतक
न्यूजीलैंड ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 82 ओवर में 9 विकेट पर 315 रन बनाए। मिचेल सैंटनर 50 और विलियम ओ’रुके बगैर खाता खोले क्रीज पर हैं। सैंटनर और साउदी के बीच 31 रन की साझेदारी हुई। इससे कीवी टीम 300 के पार पहुंची। साउदी को गस एटकिंसन ने आउट किया। एटकिंसन का यह तीसरा विकेट था। जुलाई में डेब्यू करने वाले एटकिंसन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की।


