VHT 2024: हरियाणा और झारखंड के बीच मुकाबले में IPL में नहीं बिके खिलाड़ियों ने काटी गदर

0

नई दिल्ली: विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में ग्रुप ए के राउंड 3 में हरियाणा और झारखंड के बीच मुकाबले में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं बिके खिलाड़ियों ने जमकर कहर बरपाया। हरियाणा की ओर से विकेटकीपर दिनेश बाना और सुमित कुमार ने कुल 96 गेंदें खेलीं और 128 रन बनाये। वहीं, झारखंड के उत्कर्ष सिंह ने 5 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये। दिनेश बाना, सुमित कुमार और उत्कर्ष सिंह आईपीएल 2024 मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। तीनों का ही बेस प्राइस 30-30 लाख रुपये था।

हरियाणा ने 50 ओवर में बनाये 295 रन

जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड पर झारखंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने आई हरियाणा की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 295 रन बनाये। हिमांशु राणा और अंकित कुमार ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिये 89 रन बनाये। हिमांशु राणा 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह आये कप्तान अशोक मेनारिया खाता भी नहीं खोल पाये।

ओपनर अंकित कुमार ने 94 गेंद में बनाये 67 रन

अशोक के बाद पार्थ वत्स बल्लेबाजी के लिए आये। पार्थ और अंकित ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। पार्थ वत्स 31 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। पार्थ के आउट होने पर निशांत सिंधू ने क्रीज संभाली, लेकिन वह दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाये और 9 रन बनाने के बाद पवेलियन की राह पकड़ ली। हालांकि, उनसे पहले अंकित कुमार 94 गेंद में 67 रन बनाकर आउट हुए।

दिनेश-सुमित की 125 रन की नाबाद साझेदारी

निशांत के आउट होने के 2 ओवर बाद ही राहुल तेवतिया (3 रन) भी पवेलियन लौट गये। इसके बाद विकेटकीपर दिनेश बाना और सुमित कुमार ने 7वें विकेट के लिए 125 रन की नाबाद साझेदारी की। दिनेश बाना 57 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 72, जबकि सुमित कुमार 39 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 56 रन बनाकर नाबाद रहे। झारखंड की ओर से उत्कर्ष सिंह सबसे सफल रहे। उनके अलावा बाल कृष्ण, अनुकूल रॉय और विकास सिंह 1-1 विकेट लेने में सफल रहे। विजय हजारे ट्रॉफी के एक अन्य मैच में मुंबई ने अरुणाचल प्रदेश पर एकतरफा जीत हासिल की। मुंबई की कप्तानी श्रेयस अय्यर की जगह शार्दुल ठाकुर ने की। मुंबई के गेंदबाजों ने अरुणाचल प्रदेश को सिर्फ 73 रन पर ही ढेर कर दिया और फिर 33 गेंद पर 77 रन बनाकर मैच जीत लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here