Neeraj Chopra: 2 बार के ओलंपिक मेडलिस्ट का 9 साल से कायम है यह वर्ल्ड रिकॉर्ड, भारतीय कप्तान से ज्यादा ब्रांड वैल्यू

0

नई दिल्ली: भारत के मोस्ट एलिजेबल बैचलर नीरज चोपड़ा अब शादीशुदा हैं। इस खिलाड़ी ने एक खिलाड़ी को ही अपने जीवनसाथी के रूप में चुना। नीरज ने किसी को भी अपनी शादी की भनक तक नहीं लगने दी। नीरज ने हिमाचल प्रदेश में अपनी करिबियों के बीच शादी की। नीरज ने जैसे ही शादी की तस्वीर शेयर की वह वायरल हो गईं। हो भी क्यों न नीरज चोपड़ा भारत के खेल इतिहास के सबसे कामयाब खिलाड़ियों में शुमार हैं।

उनकी शोहरत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौजूदा क्रिकेटर्स में विराट कोहली और रोहित शर्मा को छोड़कर उनकी ब्रांड वैल्यू सबसे ज्यादा है। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और देश के सबसे सफल ऑलराउंडर्स में एक हार्दिक पंड्या दोनों से ही उनकी ब्रांड वैल्यू ज्यादा है। यही नहीं 2016 में उनका बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है।

भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा का नाम देश के खेल इतिहास में एक खास जगह रखता है। इस खिलाड़ी ने पीटी उषा और मिल्खा सिंह का अधूरा सपना पूरा किया। महज वजन कम करने के लिए स्टेडियम में पांव रखने वाले नीरज आज ट्रैक पर राज करते हैं। उन्होंने हर वह काम किया जो असंभव नजर आता था। नीरज चोपड़ा ने स्टेडियम में अपने सीनियर्स को देखकर जैवलिन थ्रो करने का फैसला किया था। वह धीरे-धीरे इसमें निपुण होते गए। साल 2012 और 2014 में वह नेशनल चैंपियन भी रहे। इसके बाद साल 2016 आया। वह साल जिसने नीरज चोपड़ा विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। साल 2016 में उन्होंने गुवाहाटी में हुए साउथ एशियन गेम्स में 82.23 मीटर के साथ गोल्ड मेडल जीता।

साल 2016 में वह पोलैंड गए जहां अंडर20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप होने वाली थी। नीरज ने यहां न सिर्फ गोल्ड मेडल जीता बल्कि 86.48 मीटर के थ्रो के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया। नीरज का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड आज तक कायम है। 2016 के बाद 2018 में नीरज को भारत में असली पहचान दिलाई। उन्होंने 2018 में गोल्डकोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीता और इसके बाद एशियन गेम्स में भी चैंपियन बने। यहां से लोगों को अंदाजा हो गया कि टोक्यो ओलंपिक में कुछ ऐसा हो सकता है जो कि पहले कभी नहीं हुआ। नीरज ने वह करके भी दिखाया लेकिन इससे पहले उन्हें उस दौर से गुजरना पड़ा जो कि हर एथलीट के करियर का हिस्सा तो है लेकिन आसान नहीं है।

2019 में नीरज चोपड़ा को अपनी कोहनी की सर्जरी करानी पड़ी। उस समय यह सवाल उठने लगे कि क्या यह खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए मेडल लेकर आएगा। नीरज ने वापसी करते ही अपने पहले ही थ्रो के साथ ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया। टोक्यो ओलंपिक से पहले जर्मनी के जोहानस वेटर ने नीरज चोपड़ा को अपना प्रतिद्वंद्वी मानने से ही इनकार कर दिया और उन्हें इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ा। नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में 88.58 मीटर का थ्रो फेंका और इस थ्रो ने उन्हें गोल्ड मेडल जिताया। यह भारत का एथलेटिक्स में पहला गोल्ड मेडल था।

नीरज ने इस गोल्ड मेडल को मिल्खा सिंह को समर्पित किया जिनका यह सपना था। इस मेडल के बाद नीरज देश के नए हीरो बन गए। ब्रांड्स उनके पीछे भागने लगे, राज्य सरकार और खेल मंत्रालय पैसा लुटाने लगी रातों-रात नीरज करोड़ पति बन गए। आमतौर पर युवा खिलाड़ी शोहरत और पैसे को संभाल नहीं पाते लेकिन नीरज एक बाद एक बाधा तोड़ते गए। उन्होंने 2022 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता और फिर 2023 में वर्ल्ड चैंपियन बने। उन्होंने डायमंड लीग का खिताब भी अपने नाम किया। पेरिस ओलंपिक में भी नीरज ने देश के लिए सिल्वर मेडल जीता।

नीरज ब्रांड वैल्यू के मामले में इस समय कई क्रिकेटर्स से भी आगे हैं। ब्रांड वैल्यू के मामले में नीरज भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी आगे है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रांड वैल्यू के मामले केवल विराट कोहली, रोहित शर्मा, एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर ही उनसे आगे हैं। जेएसडब्ल्यू ग्रुप नीरज को मैनेज करता है। नीरज ब्रिटैनिया, टॉमी हिलफिगर,वीजा, सैमसंग और ओमेगा जैसे बड़े ब्रांड्स को एंडोर्स करते हैं। वह स्विट्जरलैंड टूरिजम के भी एंबेसडर हैं। फॉर्ब्स और इकोनॉमिक्स टाइम्स के मुताबिक इस खिलाड़ी की नेटवर्थ 37 करोड़ रुपए हैं। गाड़ियों की बात करें तो इस खिलाड़ी के पास रेंज रोवर, फॉर्ड मशटैंग और महिंद्रा थार जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here