IND vs ENG: अभिषेक शर्मा ने तोड़ा एरोन फिंच, क्रिस गेल व सूर्यकुमार का रिकॉर्ड, किया खास कमाल

0

नई दिल्ली: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम का इतिहास अपने-आप में नायाब रहा है और यहां पर कई ऐसे कमाल हुए हैं जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं। अब 2 फरवरी 2025 के दिन इंग्लैंड के खिलाफ भारत के युवा ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने जो कमाल किया उसने वानखेड़े के इतिहास को और मजबूत करने का काम किया। अभिषेक शर्मा ने इस मैदान पर ऐसी पारी खेली जो ऐतिहासिक बन गई और इस पारी की चर्चा हमेशा की जाएगी। अभिषेक ने इस मैच में 37 गेंदों पर शतक लगाया और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 प्रारूप में भारत की तरफ से सबसे कम गेंदों पर शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा टी20 प्रारूप में वो इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले ओवरऑल दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।

फिंच-गेल व सूर्यकुमार का तोड़ा रिकॉर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 प्रारूप में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड एरोन फिंच और क्रिस गेल के नाम पर दर्ज था। गेल और फिंच ने इस प्रारूप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों पर शतक लगाया था, लेकिन अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों पर ये कमाल करते हुए दोनों को एक साथ पीछे छोड़ दिया। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ टी20 प्रारूप में भारत की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने का कमाल सूर्यकुमार यादव ने 48 गेंदों पर किया था, लेकिन अभिषेक ने 37 गेंदों पर ये कमाल करते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया।

टी20 में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज

अभिषेक शर्मा – 37 गेंद
आरोन फिंच – 47 गेंद
क्रिस गेल – 47 गेंद
सूर्यकुमार यादव – 48 गेंद

अभिषेक ने तोड़ा तिलक वर्मा का रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ 54 गेंदों पर 13 छक्के और 7 चौकों की मदद से 135 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 250.00 का रहा। अभिषेक ने इस 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए साथ ही उन्होंने कुल 22 छक्के भी लगाए। 22 छक्के लगाने के साथ ही अभिषेक शर्मा भारत की तरफ से किसी एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए और उन्होंने तिलक वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 20 छक्के लगाए थे।

टी20आई में भारत के लिए एक सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

22 – अभिषेक शर्मा, 2025
20 – तिलक वर्मा, 2024
19 – संजू सैमसन, 2024
15 – रोहित शर्मा टी20 विश्व कप 2024 में
13 – विराट कोहली,2019

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here