RCB 2025: रजत पाटीदार बने आरसीबी के नए कप्तान, संभालेंगे टीम की कमान

0

नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2025 के लिए नए कप्तान के नाम की घोषणा कर दी। आरसीबी ने नए कप्तान के नाम का ऐलान प्रेस कांफ्रेंस के दौरान किया और इस फ्रेंचाइजी ने टीम का कप्तान रजत पाटीदार को बनाया। माना जा रहा था कि कोहली और रजत पाटीदार में से किसी एक को टीम का कप्तान बनाया जा सकता है, लेकिन भविष्य को देखते हुए इस फ्रेंचाइजी ने ये जिम्मेदारी रजत पाटीदार को सौंपी।

रजत पाटीदार फॉफ डुप्लेसिस के बाद टीम के कप्तान बने हैं। डुप्लेसिस साल 2022 से लेकर 2024 तक इस टीम के कप्तान थे जिन्हें आईपीएल 2025 की नीलामी से पहले रिलीज कर दिया गया था। रजत पाटीदार को आरसीबी ने इस सीजन के लिए 11 करोड़ में रिटेन किया था। आरसीबी ने इस सीजन के लिए विराट कोहली, रजत पाटीदार और यश दयाल को रिटेन किया था।

रजत के पास घरेलू स्तर पर कप्तानी करने का खासा अनुभव है और उन्होंने मध्य प्रदेश को एसएमएटी (SMAT) फाइनल में पहुंचाया था जहां वे मुंबई से पांच विकेट से हार गए थे। वह अजिंक्य रहाणे के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी थे जिन्होंने 10 मैचों में 61 की औसत और 186.08 की स्ट्राइक-रेट से 428 रन बनाए। रजत साल 2021 में आरसीबी का हिस्सा बने थे और उन्हें इस फ्रेंचाइजी ने 20 लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद साल 2022 में वो अनसोल्ड रहे थे, लेकिन इस साल वो आरसीबी में रिप्लेसमेंट के तौर पर जुड़े थे।

रजत पाटीदार साल 2023 में फिर से आरसीबी का हिस्सा बने और उन्हें इस फ्रेंचाइजी ने 20 लाख में खरीदा था। वो इसी सैलरी पर साल 2024 में भी खेले थे, लेकिन साल 2025 के लिए उन्हें 11 करोड़ में इस टीम ने रिटेन किया। रजत ने अब तक आरसीबी के लिए 27 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 158.85 की औसत के साथ 799 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतक शामिल है। रजत का बेस्ट स्कोर नाबाद 112 रन रहा है। टीम के हेड कोच एंडी फ्लावर ने कहा कि रजत में सादगी है, वह अपने आस-पास के लोगों की परवाह करते हैं, हमने करीब से देखा है कि उन्होंने मध्य प्रदेश का नेतृत्व कैसे किया और हमें यह बहुत पसंद आया।

IPL 2025 के लिए आरसीबी की पूरी टीम

विराट कोहली (21 करोड़), रजत पाटीदार, कप्तान (11 करोड़), यश दयाल (5 करोड़), लियाम लिविंगस्टोन (8.75 करोड़ रुपये), फिल साल्ट (11.50 करोड़ रुपये), जितेश शर्मा (11 करोड़ रुपये), जोश हेजलवुड (12.50 करोड़ रुपये), रसिख डार (6 करोड़ रुपये), सुयश शर्मा (2.60 करोड़ रुपये), क्रुणाल पंड्या (5.75 करोड़ रुपये), भुवनेश्वर कुमार (10.75 करोड़ रुपये), स्वप्निल सिंह (50 लाख रुपये), टिम डेविड (3 करोड़ रुपये), रोमारियो शेफर्ड (1.50 करोड़ रुपये), नुवान तुषारा (1.60 करोड़ रुपये), मनोज भंडागे (30 लाख रुपये), जैकब बेथेल (2.60 करोड़ रुपये), देवदत्त पडिक्कल (2 करोड़ रुपये), स्वास्तिक छिकारा (30 रु लाख), लुंगी एनगिडी (1 करोड़ रुपये), अभिनंदन सिंह (30 लाख रुपये), मोहित राठी (30 लाख रुपये)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here