नई दिल्ली: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 बहुत ही शानदार अंदाज में खेला जा रहा है। ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही क्रिकेट टीमें सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं। लेकिन दोनों का ग्रुप स्टेज में एक मैच बचा हुआ है, जो उन्हें 2 मार्च को खेलना है। इसी से तय होगा कि प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर कौन सी टीम रहेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
रोहित शर्मा ने अभी तक वनडे क्रिकेट के 270 मैचों में कुल 339 छक्के लगाए हैं और वह दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। अब अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच में रोहित 11 छक्के और लगा देते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट में 350 छक्के पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बनेंगे। उनसे पहले वनडे क्रिकेट में कोई भी भारतीय खिलाड़ी 350 छक्के नहीं लगा पाया है। पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के ठोकने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम पर 351 छक्के दर्ज हैं। रोहित 13 छक्के जड़ते ही उन्हें भी पीछे कर सकते हैं।
ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज:
- शाहिद अफरीदी- 351 छक्के
- रोहित शर्मा- 339 छक्के
- क्रिस गेल-331 छक्के
- सनथ जयसूर्या- 270 छक्के
- महेंद्र सिंह धोनी- 229 छक्के
रोहित शर्मा ने भारतीय टीम के लिए साल 2007 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद करियर के शुरुआती दौर में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। फिर साल 2013 में तब के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उनसे ओपनिंग करवाई और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज वह टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन गए हैं और उन्होंने भारत के लिए 270 वनडे मैचों में कुल 11049 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम पर 32 शतक दर्ज हैं। वह वनडे क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं।