25.2 C
New Delhi
Thursday, March 6, 2025

ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स ने पहली बार चखा जीत का स्वाद, सचिन तेंदुलकर ने 27 गेंद पर पूरा किया अपना अर्धशतक

नई दिल्ली: इंटरनेशनल मास्टर्स लीग T20 2025 में बुधवार 5 मार्च को ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स ने पहली बार जीत का स्वाद चखा। वहीं सचिन तेंदुलकर की अगुआई वाली इंडिया मास्टर्स को पहली बार हार का सामना करना पड़ा। वडोदरा के बीसीए स्टेडियम पर 5 मार्च 2025 की रात खेले गए मैच में इंडिया मास्टर्स के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने टॉस जीता और क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स ने कप्तान शेन वॉटसन और विकेटकीपर बेन डंक के तूफानी शतकों की मदद से 20 ओवर में एक विकेट पर 269 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया मास्टर्स सचिन तेंदुलकर के तूफानी पचासे के बावजूद 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 174 रन ही बना पाई। सचिन तेंदुलकर ने 27 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

उम्र महज एक नंबर

24 अप्रैल 1973 को मुंबई में जन्में सचिन तेंदुलकर ने यह बता दिया की उम्र महज एक नंबर होती है। उन्होंने 33 गेंद की अपनी पारी के दौरान साथ 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वह 64 रन बनाकर आउट हुए। सचिन तेंदुलकर ने इंडिया मास्टर्स को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम का मध्य और निचला क्रम ढह गया। सचिन तेंदुलकर को छोड़कर कोई भी भारतीय बल्लेबाज 25 रन से अधिक नहीं बना सका।

ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स के जेवियर डोहर्टी ने टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार 5 विकेट लिए। जेवियर डोहर्टी ने 4 ओवर में 5/25 के स्पेल के साथ भारतीय बल्लेबाजी यूनिट के चारों ओर एक जाल बिछा दिया, जिससे मेन इन ब्लू सिर्फ 174 रन ही बना पाए। इस जीत से ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स अंक तालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई। उसके 3 मैच में 2 अंक हैं। इंडिया मास्टर्स शीर्ष पर काबिज है। इंडिया मास्टर्स के 4 मैच में 6 अंक हैं।

ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की पारी की बात करें तो उसकी शुरुआत साधारण रही। ओपनर शॉन मार्श को पवन नेगी की बॉल (5वें ओवर, तीसरी गेंद) पर नमन ओझा ने स्टम्प कर दिया। शॉन मार्श 15 गेंद में 4 चौके की मदद से 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शॉन मार्श के बाद शेन वॉटसन (43 साल) और बेन डंक ने दूसरे विकेट के लिए 236 रन की नाबाद साझेदारी की।

छक्कों से ही ठोक डाले 100 से ज्यादा रन

शेन वॉटसन ने 12 चौके और 7 छक्के की मदद से 52 गेंद में 110 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। बेन डंक (37 साल) ने भी 12 चौके और 10 छक्के की मदद से 53 गेंद में 132 रन की नाबाद पारी खेली। इंडिया मास्टर्स की ओर से सबसे ज्यादा 73 रन विनय कुमार ने लुटाए। अभिमन्यु मिथुन ने 4 ओवर में 46 रन दिए। पवन नेगी ने 3 ओवर में 34 रन दिए। राहुल शर्मा ने 4 ओवर में 42, इरफान पठान ने 2 ओवर में 31, गुरकीरत सिंह ने एक ओवर में 15 और स्टुअर्ट बिन्नी ने 2 ओवर में 28 रन दिए।

इंडिया मास्टर्स की शुरुआत

इंडिया मास्टर्स की शुरुआत अच्छी रही। सचिन तेंदुलकर और नमन ओझा ने पहले विकेट के लिए 28 गेंद में 58 रन जोड़े। पांचवें ओवर की 5वीं गेंद पर नमन ओझा आउट हुए। उन्होंने 4 चौके की मदद से 11 गेंद में 19 रन बनाए। इसके बाद भारत ने 100 रन के भीतर 3 और विकेट (सौरभ तिवारी, इरफान पठान और सचिन तेंदुलकर) गंवा दिए। सौरभ तिवारी एक और इरफान पठान 13 गेंद में 11 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए।

युसुफ और पवन की साझेदारी

इसके बाद यूसुफ पठान और पवन नेगी के बीच 3 ओवर में 35 रन की साझेदारी हुई। यह साझेदारी बेन हिल्फेनहास ने तोड़ी। बेन हिल्फेनहास ने यूसुफ पठान को जेवियर डोहर्टी के हाथों कैच कराया। यूसुफ पठान 3 चौके और एक छक्के की मदद से 15 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह बल्लेबाजी करने आए स्टुअर्ट बिन्नी 2 रन ही बना पाए। उन्हें जेवियर डोहर्टी ने बोल्ड कर दिया।

पंद्रहवें ओवर की 5वीं गेंद पर पवन नेगी भी आउट हुए। पवन नेगी ने 2 चौके की मदद से 10 गेंद में 14 रन बनाए। पवन नेगी जब पवेलियन लौटे तब इंडिया मास्टर्स के खाते में 141 रन जुड़े थे। इसी स्कोर पर विनय कुमार भी आउट हुए। गुरकीरत सिंह मान 17वें ओवर की दूसरी और राहुल शर्मा मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए।

अभिमन्यु मिथुन 10 गेंद में 9 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल शर्मा ने 3 चौके की मदद से 16 गेंद में 18 रन बनाए। इससे पहले गुरकीरत सिंह मान भी अपने खाते में 5 गेंद में 5 रन ही जोड़ पाए थे। इंडिया मास्टर्स ने बीच 13.2 से 15 ओवर के बीच 4 विकेट गंवाए, जबकि आखिरी 4 ओवर में 2 विकेट गंवाए।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles