रायपुर: श्रीलंका मास्टर्स के कप्तान कुमार संगकारा ने अपने क्लासिक अंदाज में जोरदार शतक जमाते हुए इंग्लैंड मास्टर्स पर 9 विकेट की एकतरफा जीत दर्ज करवाई। इस जीत के साथ ही श्रीलंका मास्टर्स ने इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (IML) 2025 के ग्रुप स्टेज में अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। यह मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया।
इस हार के साथ ही इंग्लैंड मास्टर्स की सेमीफाइनल में पहुँचने की उम्मीदें खत्म हो गईं, हालांकि उनके पास टूर्नामेंट में एक मुकाबला बाकी है। वहीं, श्रीलंका मास्टर्स पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका था और आत्मविश्वास से भरी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए इंग्लैंड मास्टर्स को 20 ओवर में केवल 146/5 रन तक ही सीमित कर दिया।
श्रीलंका को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने के लिए 15.4 ओवर में लक्ष्य हासिल करना था और उन्होंने शानदार शुरुआत की। कप्तान संगकारा ने अपनी पुरानी फॉर्म की झलक दिखाते हुए सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 106 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 19 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। संगकारा ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को चारों तरफ बाउंड्री की सैर करवाई।
उनके साथ ओपनिंग करने आए रोमेश कालुविथरना ने संयमित भूमिका निभाई और दोनों ने पावरप्ले में ही 76 रन जोड़ दिए। संगकारा का टाइमिंग और प्लेसमेंट देख ऐसा लग रहा था जैसे उन्होंने क्रिकेट से कभी ब्रेक ही नहीं लिया। हर शॉट में वही पुराना आकर्षण और नजाकत नजर आ रही थी।
9 ओवर में टीम का स्कोर 108/0 हो चुका था और मैच लगभग श्रीलंका की झोली में था। हालांकि, दिमित्री मास्करनहास ने कालुविथरना (16 रन) का विकेट लेकर इंग्लैंड को थोड़ी राहत दी, लेकिन इसके बाद संगकारा और असेला गुणरत्ने (22* रन) ने कोई मौका नहीं दिया। श्रीलंका मास्टर्स ने लक्ष्य 12.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। संगकारा ने सिंगल लेकर शतक पूरा किया और उसके बाद लॉन्ग ऑन के ऊपर शानदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले इंग्लैंड मास्टर्स की शुरुआत अच्छी रही। फिल मस्टर्ड ने 35 गेंदों में तेज़ तर्रार 50 रन बनाए। उन्होंने कप्तान ओइन मॉर्गन (10 रन) के साथ 37 रन और फिर टिम एंब्रोज़ (17 रन) के साथ 50 रन की साझेदारी की। लेकिन जैसे ही मस्टर्ड आउट हुए, श्रीलंका के गेंदबाजों ने खेल का रुख पलट दिया और इंग्लैंड की पारी को बांध दिया।
आखिरी ओवरों में टिम ब्रेस्नन (18* रन) और क्रिस ट्रेमलेट (14* रन) ने मिलकर 30 रन जोड़े, लेकिन टीम का स्कोर सिर्फ 146/5 तक ही पहुंच पाया। श्रीलंका के अनुभवी गेंदबाज इसुरु उदाना, सुरंगा लकमल और असेला गुणरत्ने ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को किसी भी मोर्चे पर खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
संक्षिप्त स्कोर:
इंग्लैंड मास्टर्स: 146/5 (20 ओवर में)
(फिल मस्टर्ड 50, टिम ब्रेस्नन 18*; इसुरु उदाना 1/21, असेला गुणरत्ने 1/21)
श्रीलंका मास्टर्स: 150/1 (12.5 ओवर में)
(कुमार संगकारा 106*, असेला गुणरत्ने 22*, रोमेश कालुविथरना 16)
परिणाम: श्रीलंका मास्टर्स ने 9 विकेट से जीत दर्ज की।
(दीपक शर्मा – विशेष संवाददाता)


