मैच के दौरान बीच मैदान हुई जसप्रीत बुमराह और करुण नायर की लड़ाई, ऐसा था रोहित शर्मा का रिएक्शन

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में रविवार (13 अप्रैल) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में माहौल तब गरमा गया जब भारत और मुंबई इंडियंस (MI) के सुपरस्टार पेसर जसप्रीत बुमराह और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज करुण नायर के बीच नोंकझोक हुई। इस दौरान एमआई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा खड़े होकर देख रहे थे और उन्होंने मजेदार प्रतिक्रिया दी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

मामला दिल्ली कैपिटल्स की पारी के छठे ओवर का है। नायर ने बुमराह को दो छक्के और एक चौका लगाया। आखिरी गेंद पर दो रन लिया और 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। जब नायर दूसरा लेने की कोशिश कर रहे थे तो वह बुमराह से टकरा गए। इसके बाद मुंबई इंडियंस के पेसर गुस्सा गए।

करुण नायर ने तुरंत गलती मान ली। टक्कर के तुरंत बाद और फिर अपने अर्धशतक के जश्न के दौरान भी उन्होंने माफी मांगी, लेकिन बुमराह शांत नहीं हुए। टाइम आउट के दौरान बुमराह को नायर के पास जाते और कुछ कहते देखा गया। इसके बाद नायर भी काफी नाखुश दिखे और उन्हें मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या से बात करते हुए देखा गया। फिर रोहित को करुण को चिढ़ाते देखा गया। नीचे वीडियो में पूरा माजरा देख सकते हैं।

करुण नायर ने जसप्रीत बुमराह की 9 गेंद पर 26 रन ठोक दिए। नायर ने चौथे ओवर में 8 रन बनाए और पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुंबई के तेज गेंदबाज के खिलाफ 18 रन जड़े। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेले नायर ने 40 गेंदों पर 89 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें 22 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। मिचेल सैंटनर ने उन्हें पवेलियन भेजा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here