ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर की होगी जेल से रिहाई, मिली थी 4 साल की सजा

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर माइकल स्लेटर को घरेलू हिंसा सहित सात आरोपों में चार साल की जेल की सजा सुनाई गई है। हालांकि, 55 वर्षीय स्लेटर, जो पिछले एक साल से अधिक समय से हिरासत में थे, अब जेल से रिहा हो जाएंगे। सजा सुनाने वाले जज ग्लेन कैश ने स्लेटर की समस्याओं की जड़ को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी शराब की लत ने उनके जीवन और करियर को तबाह कर दिया है।

माइकल स्लेटर ने अपने क्रिकेट करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 74 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 5312 रन बनाए और 14 शतक जड़े। इसके अलावा उन्होंने 42 वनडे इंटरनेशनल मैचों में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। लेकिन मैदान पर चमकने वाला यह सितारा निजी जीवन में कई मुश्किलों से जूझता रहा। 2023 के अंत में स्लेटर पर क्वींसलैंड के नूसा क्षेत्र में एक महिला के खिलाफ हमला, गला घोंटने, चोरी और पीछा करने जैसे गंभीर आरोप लगे। अप्रैल 2024 में उन्हें 19 अपराधों के तहत गिरफ्तार किया गया, जिसमें गैरकानूनी पीछा करना, शारीरिक नुकसान पहुंचाना और गला घोंटने जैसे आरोप शामिल थे। स्लेटर ने इन सात आरोपों में अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद अदालत ने उन्हें सजा सुनाई।

समस्याओं की जड़ शराब

सजा सुनाते हुए जज ग्लेन कैश ने स्लेटर की समस्याओं की जड़ को उनके शराब के सेवन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है, मिस्टर स्लेटर कि आप एक शराबी हैं। दुख की बात है कि आपकी शराब की लत ने आपके पेशेवर जीवन को खत्म कर दिया। जज ने यह भी कहा कि स्लेटर के लिए सुधार की राह आसान नहीं होगी क्योंकि शराब की लत उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। स्लेटर की यह पहली कानूनी परेशानी नहीं थी। 2022 में उन्हें घरेलू हिंसा के एक मामले में हमला और धमकी देने के लिए दोषी ठहराया गया था। तब उन्हें दो साल की सामुदायिक सुधार आदेश के तहत सजा दी गई थी। लेकिन बार-बार की गलतियों ने उनके जीवन को और कठिन बना दिया।

अपनी गलतियों के लिए सुर्खियों

माइकल स्लेटर का क्रिकेट करियर शानदार रहा। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और शैली थी, जिसने उन्हें प्रशंसकों का चहेता बनाया। लेकिन मैदान के बाहर उनकी जिंदगी उतनी आसान नहीं रही। शराब की लत और निजी समस्याओं ने उनके जीवन को एक दुखद मोड़ पर ला दिया। एक समय दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए प्रेरणा रहे स्लेटर आज अपनी गलतियों के लिए सुर्खियों में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here