बीडीसीए अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने किया टूर्नामेंट का शुभारंभ
भोपाल। अरेरा प्रीमियर क्रिकेट लीग के दूसरे दिन अंडर 12 एज ग्रुप में आज प्रताप हाउस ने शिवा हाउस को 59 रनो से हराया जबकि एक अन्य मुकाबले 14 वर्ष में जय हिंद ने वंदे मातरम हाउस को 59 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। आज प्रतियोगिता का दूसरा दिन था। गत दिवस इस प्रतियोगिता का शुभारंभ बीडीसीए अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौम्या तिवारी, खेल प्रमोटर संजय गुप्ता सहित बीडीसीए के कई पदाधिकारी एवं अरेरा क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष, सचिव और मेंबर मौजूद थे। इस मौके पर ध्रुव नारायण सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग पूरी मेहनत और लगन के साथ अच्छी क्रिकेट खेले। बीडीसीए आपके साथ है, बीडीसीए अच्छे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने के लिए हमेशा तत्पर है। इस दौरान अरेरा क्रिकेट अकादमी के हेड कोच सुरेश चेनानी, हेमंत कपूर सहित कई अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।
ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेली जा रही प्रतियोगिता में आज शिवा हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 रन 5 विकेट्स के नुकसान पर बनाए। रौनक कौशिक ने 30,गुरप्रीत सिंह ने 18 रन बनाए। जवाब में शिवाजी हाउस 82 रनों पर आल आउट हो गया। अक्षांश अहिरवार ने 16 और साधक जैन ने 12 रन बनाए। प्रताप हाउस के रौनक कौशिक और नकुल आनंद ने 3-3 विकेट लिए। प्रताप हाउस ने 59 रनों से मैच जीता। रौनक कौशिक मैन ऑफ द मैच बने।
दूसरा मैच अंडर 14 एज ग्रुप में जयहिंद और वन्देमातरम हाउस के बीच 30 ओवरों का मैच खेला गया । जिसमें पहले जयहिंद ने बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। अंजली राजपूत ने 51व केतन रेवाड़ीकर ने 33 रन बनाए। गेंदबाजी में गौतम और समर्थ चौबे ने 1-1 विकेट लिए। जवाब में वन्दे मातरम की टीम 83 रन बना सकी और 59 रनों से मैच हार गई। इरनवीर सिंह ने 13, पल्लवी पट्टैया ने 18 और आदित्य सोलंकी ने 10 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में केतन रेवाड़ीकर ने 4 और अर्णव ने 1 विकेट लिया।बाकी खिलाडी रन आउट हुए। जयहिंद ने ये मैच 59 रनों से मैच जीता। वन्दे मातरम समिति के अध्यक्ष पयोज जोशी ने केतन रेवाड़ीकर को मैन ऑफ द मैच से पुरस्कृत किया।


