इंग्लैंड के ओली पोप ने रच दिया इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने

0

नई दिल्ली: इंग्लैंड के नंबर 3 ओली पोप ने गुरुवार 22 मई 2025 की रात इतिहास रचा। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में घरेलू मैदान पर शतक लगाया। जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक लगाने के साथ ही वह विभिन्न देशों के खिलाफ अपने पहले 8 टेस्ट शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। खास यह है कि ओली पोप ने अब तक 9 टीमों के खिलाफ टेस्ट मैच खेला है। इसमें से 8 टीमों के खिलाफ उन्होंने शतक लगाये हैं। वह भारत, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, पाकिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच में शतक लगा चुके हैं। सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही वह अब तक टेस्ट मैच में शतक नहीं लगा पाए हैं। इस साल के अंत में उनके ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने की संभावना है। अगर वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टेस्ट शतक बनाने में सफल हो जाते हैं तो एक बेहतरीन क्लब में शामिल हो जाएंगे।

नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में चार दिवसीय टेस्ट के पहले दिन पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 88 ओवर में 3 विकेट पर 498 रन बनाए। बेन स्टोक्स की अगुआई वाली इंग्लैंड के शीर्ष तीनों बल्लेबाजों ने शतक बनाए। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने घरेलू मैदान पर 100 गेंद मे शतक जड़ा, जबकि जैक क्रॉली ने अपेक्षाकृत धीमे शतक (145 गेंद में) लगाया। वह 171 गेंद में 124 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने के समय ओली पोप 163 गेंद में 169 और हैरी ब्रूक 18 गेंद में 9 रन बनाकर क्रीज पर थे। जो रूट 44 गेंद में 3 चौके की मदद से 34 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके थे।

ओली पोप ने 109 गेंद में अपना 8वां टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने 3 अंकों का आंकड़ा पार करते हुए कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किये। ओली पोप ने नंबर 3 पर अपना सातवां शतक बनाया। इससे वह इस स्थान पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों में जोनाथन ट्रॉट के बराबर आ गए। केवल दिग्गज वैली हैमंड, केन बैरिंगटन और डेविड गॉवर ने नंबर 3 पर इंग्लैंड के लिए उनसे अधिक टेस्ट शतक बनाए हैं। ओली पोप कम से कम आठ विभिन्न देशों के खिलाफ शतक बनाने वाले 30वें टेस्ट बल्लेबाज हैं। यदि वह इस साल के अंत में एशेज सीरीज में शतक लगाते हैं तो सचिन तेंदुलकर, जैक्स कैलिस, रिकी पोंटिंग, कुमार संगकारा और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गज क्रिकेटर्स के क्लब में शामिल हो जाएंगे।

विभिन्न टीमों के खिलाफ टेस्ट शतक
खिलाड़ी टीम कुल शतक कितनी
टीमों के
खिलाफ
शतक
लगाए
सचिन तेंदुलकर भारत 51 9
जैक्स कैलिस दक्षिण अफ्रीका 45 9
रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया 41 9
कुमार संगकारा श्रीलंका 38 9
राहुल द्रविड़ भारत 36 9
ब्रायन लारा वेस्टइंडीज 34 9
यूनुस खान पाकिस्तान 34 9
महेला जयवर्धने श्रीलंका 34 9
केन विलियमसन न्यूज़ीलैंड 33 9
स्टीव वॉ ऑस्ट्रेलिया 32 9
मैथ्यू हेडन ऑस्ट्रेलिया 30 9
गैरी कर्स्टन दक्षिण अफ्रीका 21 9
एडम गिलक्रिस्ट ऑस्ट्रेलिया 17 9
मार्वन अटापट्टू श्रीलंका 16 9
एंजेलो मैथ्यूज श्रीलंका 16 9
दिनेश चांदीमल श्रीलंका 16 9
एलेस्टेयर कुक इंग्लैंड 33 8
शिवनारायण चंद्रपॉल वेस्टइंडीज 30 8
हाशिम अमला दक्षिण अफ्रीका 28 8
इंजमाम-उल-हक पाकिस्तान 25 8
मोहम्मद यूसुफ पाकिस्तान 24 8
इयान बेल इंग्लैंड 22 8
रॉस टेलर न्यूज़ीलैंड 19 8
माइकल वॉन इंग्लैंड 18 8
दिमुथ करुणारत्ने श्रीलंका 16 8
हर्शल गिब्स दक्षिण अफ्रीका 14 8
थिलन समरवीरा श्रीलंका 14 8
क्रैग ब्रैथवेट वेस्टइंडीज 12 8
एशवेल प्रिंस दक्षिण अफ्रीका 11 8
ओली पोप इंग्लैंड 8 8

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here