IPL 2025: प्लेऑफ मैच से पहले, पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के किए पूरे इंतजाम

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2025 का मौजूदा सत्र रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। लीग चरण खत्म हो चुका है और गुरुवार यानी कल से प्लेऑफ की शुरुआत होगी। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शीर्ष-दो पर रहकर क्वालिफायर-1 में प्रवेश किया है जबकि गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस अंक तालिका में क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं। अब दोनों के बीच 30 मई को एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर मैच मुल्लांपुर में खेले जाएंगे। इन मैचों के लिए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए हैं।

पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि पहलगाम में बर्बर आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष के बाद सुरक्षा कारणों से आईपीएल के क्वालिफायर एक और एलिमिनेटर पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मुल्लांपुर में गुरुवार को क्वालिफायर-1 और शुक्रवार को एलिमिनेटर का आयोजन होगा जबकि क्वालिफायर-2 और फाइनल क्रमश: एक और तीन जून को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

पंजाब के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा, ‘मुल्लांपुर स्टेडियम में कल और परसों दो बहुत महत्वपूर्ण मैच हैं। एक क्वालिफायर और एक एलिमिनेटर है। भारत के कोने-कोने से लोग आ रहे हैं। लोगों में काफी उत्साह है। हमने स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। आज इसकी समीक्षा की जा रही है। हमारे पुलिस बल में करीब 65 अधिकारी और 2500 से अधिक जवान तैनात हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां आने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। वहीं सुरक्षा के उपाय भी बहुत सख्त होंगे। कल हमने मॉकड्रिल की रिहर्सल की थी। आज भी पुलिस बल मॉकड्रिल की रिहर्सल कर रही है।’

22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था जिसमें 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसका जवाब देते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्रवाई की थी और उनके नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के दौरान टूर्नामेंट को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया था जिसके बाद आईपीएल के कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here