Singapore Open: सात्विक-चिराग की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी का सफर सेमीफाइनल में समाप्त

0

सिंगापुर: सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी का सफर सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में मलयेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी के खिलाफ तीन गेम तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। विश्व की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीता था, लेकिन वह लय बरकरार नहीं रख सकी।

सात्विक-चिराग को 64 मिनट तक चले मुकाबले में आरोन-सोह के खिलाफ 21-19, 10-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने जबरदस्त धैर्य और जज्बे का प्रदर्शन कर सात मैच प्वाइंट बचाए लेकिन यह उन्हें हार से बचाने के लिए काफी नहीं था। मलयेशिया की इस जोड़ी ने ही पेरिस ओलंपिक में सात्विक-चिराग का अभियान समाप्त किया था। विश्व की 27वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ आरोन-सोह ने एक बार फिर शुरुआत गेम गंवाने के बाद मजबूत वापसी की।

भारतीय जोड़ी के लिए यह इस साल तीसरा सेमीफाइनल था। यह जोड़ी इससे पहले इंडिया ओपन और मलयेशिया ओपन में अंतिम चार में पहुंची थी। यह मुकाबला शुरुआत से काफी करीबी था जहां दोनों जोड़ियों हर अंक के लिए पूरा जोर लगा रही थी। स्कोर एक समय 6-6 की बराबरी पर थी। भारतीय जोड़ी के दमदार स्मैश का आरोन चिया अच्छा बचाव कर रहे थे। चिराग के दमदार स्मैश से भारत ने एक बार फिर से स्कोर को 8-8 से बराबर किया, जबकि सात्विक के शानदार रिटर्न से इस जोड़ी ने 11-8 की बढ़त कायम की। भारतीय जोड़ी ने इस बढ़त को बरकरार रखते हुए स्कोर को 15-12 किया लेकिन मलयेशिया की जोड़ी ने वापसी करते हुए इसे 18-18 कर दिया। मलयेशिया की जोड़ी एक प्वाइंट का बचाव करने में सफल रही जबकि आरोन के चूकने से भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीत लिया।

मलयेशियाई जोड़ी ने दूसरे गेम में दमदार खेल से 5-0 की बढ़त कायम की। सात्विक और चिराग इसके बाद 32 शॉट वाली रैली को जीतने में सफल रहे लेकिन आरोन और सोह ने दबदबा कायम रखते हुए इस गेम को आसानी से जीत लिया। निर्णायक गेम की शुरुआती में कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन भारतीय जोड़ी की गलती का फायदा आरोन-सोह ने उठाया और लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here