नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अनुभवी क्रिकेट प्रशासक राजीव शुक्ला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अगले कार्यवाहक अध्यक्ष होंगे। वह रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजीव शुक्ला अगले महीने रोजर बिन्नी की जगह BCCI अंतरिम अध्यक्ष बनेंगे। रोजर बिन्नी साल 2022 में सौरव गांगुली की जगह BCCI की अध्यक्ष चुने गए थे। रोजर बिन्नी का कार्यकाल 3 साल का था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने 18 अक्टूबर 2022 को BCCI अध्यक्ष का कार्यभार संभाला था। इस हिसाब से अक्टूबर 2025 तक उनका कार्यकाल था, लेकिन वह 19 जुलाई 2025 को 70 साल के हो जाएंगे, जो आंकड़ा बीसीसीआई में किसी पदाधिकारी के लिए आयु-सीमा सीमा को पार कर जाएगा, इसलिए उन्हें समय से पहले अपना पद छोड़ना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में 13 सितंबर 1959 को जन्में राजीव शुक्ला (अभी 65 साल) वर्तमान में BCCI उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। सितंबर 2025 में बोर्ड की एजीएम के दौरान नए चुनाव होने तक वह BCCI के एक्टिव चीफ होंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘परंपरा के अनुसार, ऐसी स्थिति में सबसे वरिष्ठ पदाधिकारी ही कार्यभार संभालते हैं। वह (राजीव शुक्ला) सितंबर 2025 में नए चुनाव होने तक उस भूमिका को निभाएंगे।’ कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद इससे पहले IPL के चेयरमैन भी रह चुके हैं। हाल ही में, सीके खन्ना ने 2017 से 2019 तक बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। उस समय सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त प्रशासकों की समिति ने 33 महीने तक बीसीसीआई को गवर्न्ड किया था।
तीन साल पहले दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड की कमान संभालने से पहले रोजर बिन्नी कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष थे। वह खेल के महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले पूर्व ऑलराउंडर कपिल देव की अगुआई में 1983 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। रोजर बिन्नी ने वनडे फॉर्मेट में 72 मैच खेले। इसमें एक अर्धशतक के साथ 629 रन बनाए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने 77 विकेट लिए। रोजर बिन्नी की सबसे यादगार उपलब्धि भारत की ऐतिहासिक 1983 विश्व कप जीत के दौरान आई, जहां वह 18 विकेट लेकर टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। बाद में वह भारत की अंडर-19 टीम के कोच बने जिसने उस आयु वर्ग के लिए आईसीसी विश्व कप का 2000 संस्करण जीता।

