कोहली ने कहा, ‘मैं अब चैन की नींद सो सकता हूं, जब तक आईपीएल खेलूंगा, बेंगलुरु के लिए ही खेलूंगा

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हरा दिया। मैच के अंतिम ओवर में पंजाब किंग्स को जीत के लिए 29 रन बनाने थे। आरसीबी के लिए 20वां ओवर जोश हेजलवुड लेकर आये। उनकी शुरुआत की दोनों गेंदें डॉट रहीं। इसका मतलब था कि जोश हेजलवुड को सिर्फ 4 लीगल बॉल फेंके और RCB चैंपियन बन गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत लगभग पक्की हो गई, तो विराट कोहली ने अपना चेहरा हाथों में छिपा लिया। 18 साल तक अपनी एकमात्र फ्रेंचाइजी के लिए सब कुछ लुटाने के बाद, कोहली को पता था कि वह आखिरकार आईपीएल ट्रॉफी को चूम सकते हैं। जब खेल आधिकारिक रूप से खत्म हो गया तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे।

मोटेरा की पिच को चूमते हुए कोहली को देखकर उनके प्रशंसक भी खुशी के आंसू रोक नहीं पाए होंगे। बाद में भावुक कोहली ने आईपीएल खिताब के लिए अपनी अथक खोज के बारे में बात की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मैंने इस टीम को अपनी जवानी, अपना सर्वश्रेष्ठ और अनुभव दिया। हर सीजन इसे जीतने की कोशिश की, अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। कभी नहीं सोचा था कि यह दिन आएगा। अब यह जीतने के बाद मैं अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाया।’

आईपीएल फाइनल के बाद कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का को गले लगाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘आखिरकार खिताब जीतना अविश्वसनीय अनुभव है। कभी सोचा नहीं था कि यह दिन आएगा। आखिरी गेंद डाले जाने के समय मैं बहुत भावुक हो गया था। मैंने अपनी पूरी ऊर्जा झोंक दी थी और यह अद्भुत अहसास है।’ विराट कोहली आरसीबी के अपने पुराने साथी एबी डिविलियर्स को नहीं भूले। एबी डिविलियर्स टीवी स्पेशलिस्ट के रूप में मैदान पर थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली ने कहा, ‘एबीडी ने फ्रेंचाइजी के लिए जो किया है वह अद्भुत है, मैंने उनसे कहा कि यह जीत उतनी ही तुम्हारी है जितनी हमारी है। मैं चाहता हूं कि तुम हमारे साथ जश्न में शामिल हो। वह 4 साल पहले रिटायर हो चुका है, इसके बावजूद सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच रहा। यह बताता है कि लीग, टीम और मुझ पर उसका क्या प्रभाव है। वह पोडियम पर रहने का हकदार है।’

कमेंटेटर मैथ्यू हेडन के पूछने पर कि वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद इस खिताब को वह कहां रखते हैं तो कोहली ने कहा (मीडिया रिपोर्ट के अनुसार), ‘यह भी ऊपर है। मैने पिछले 18 साल में इस टीम को सब कुछ दिया। इस टीम के साथ ही रहा। मैं टीम के साथ रहा और टीम मेरे साथ। मैने हमेशा इस टीम के साथ जीतने का सपना देखा था। मेरा दिल बेंगलुरु में है और आत्मा भी। मैं जब तक आईपीएल खेलूंगा, बेंगलुरु के लिए ही खेलूंगा।’

विराट कोहली और RCB के लिए IPL का सफर बहुत मुश्किल रहा है। एक दशक से ज्यादा समय से टीम का चेहरा रहे विराट कोहली ने IPL 2025 से पहले 3 फाइनल खेले, लेकिन कप नहीं जीत पाए। विराट कोहली को अहमदाबाद में उस पल का जश्न मनाने के लिए आधी रात तक इंतजार करना पड़ा, जिसका उन्हें हमेशा से इंतजार था। उन्हें 36 साल की उम्र तक इंतजार करना पड़ा।

कोहली ने इस पल का जश्न उतनी ही खुशी से मनाया, जितना वह शायद 18 साल पहले मनाते। यह वह दिन भी था जिसका सपना RCB ने 2008 से ही देखा था। पिछले कुछ वर्षों में इस फ्रेंचाइजी की कहानी अंतहीन दिल टूटने, विजय माल्या के दौर में देर रात तक पार्टियों करने, क्रिस गेल के छक्कों की बरसात और बार-बार ट्रोल और मीम्स की रही है। फिर भी, यह RCB और कोहली की रात थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मैं अब चैन की नींद सो सकता हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here