रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिवार को मिलेगा मुआवजा

0

नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 जून को बेंगलुरु में विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों के परिवार के लिए 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया। इसके अलावा घायलों की मदद के लिए आरसीबी केयर्स फंड बनाने की बात कही है। आरसीबी ने आईपीएल 2025 फाइनल में 3 जून को पंजाब किंग्स को हराकर 18 साल सूखा खत्म किया। इसके बाद 4 जून को विजेता बनने के जश्न के दौरान बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई।

इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 47 लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा, “बेंगलुरु में कल हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुंचाया है। सम्मान और एकजुटता के प्रतीक के तौर आरसीबी 11 मृतकों के परिवारों में से प्रत्येक को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा करती है। इसके अलावा, इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए आरसीबी केयर्स नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। हमारे प्रशंसक हमेशा हमारे हर काम के केंद्र में रहेंगे। हम दुख की घड़ी में एकजुट हैं।”

कर्नाटक सरकार ने भी कर दी घोषणा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पहले ही मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और घायलों के लिए मुफ्त इलाज की घोषणा कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “जीत के जश्न के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। यह हादसा चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुआ। सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों का मुफ्त इलाज कराएगी। भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नहीं होना चाहिए था। सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है।”

मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए

मुख्यमंत्री ने यह भी पुष्टि की कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिसकी रिपोर्ट 15 दिनों में आने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिद्धारमैया ने कहा, “मैं इस घटना का बचाव नहीं करना चाहता। हमारी सरकार इस पर राजनीति नहीं करेगी। मैंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिन का समय दिया है। लोगों ने स्टेडियम के गेट भी तोड़ दिए। भगदड़ मच गई। किसी को भी इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। स्टेडियम की क्षमता केवल 35,000 लोगों की है, लेकिन 2-3 लाख लोग आ गए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here