IND vs ENG: शुभमन गिल को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मिला समर्थन

0

नई दिल्ली: रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट के संन्यास के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुभमन गिल को भारतीय टीम का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे। चयन समिति के इस फैसले को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि गिल को टेस्ट कप्तान बनाना सही फैसला है।

भारतीय टीम के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयार है। पिछले कुछ महीनों में भारत का लाल गेंद के प्रारूप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में और फिर ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी। भारत-इंग्लैंड सीरीज के साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के नए चक्र की शुरुआत हो जाएगी। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास के बाद भारतीय टीम की यह पहली द्विपक्षीय सीरीज भी है।

पोंटिंग का मानना है कि भारत ने टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपकर सही फैसला किया है और अब इस युवा बल्लेबाज को खुद को साबित करने के लिए लंबे समय तक मौका दिया जाना चाहिए। पोंटिंग को उम्मीद है कि भारतीय टीम मौजूदा बदलाव के दौर को अन्य देशों की तुलना में बेहतर तरीके से निपट सकती है। पोंटिंग ने ‘आईसीसी रिव्यू’ पर कहा, ‘मुझे लगता है कि यह सही कदम है। मुझे पता है कि बहुत से लोग और विशेषज्ञ कह रहे हैं कि बुमराह को कप्तान क्यों नहीं बनाया गया और उन्होंने शुभमन को क्यों चुना, लेकिन मुझे लगता है कि इसे समझना बहुत ही सरल है। बुमराह पिछले कुछ वर्षों से चोटिल होते रहे हैं और इसी वजह से वह इस दौड़ में थोड़े पीछे चले गये। आप कप्तान के साथ ऐसा (बार-बार चोटिल होना) नहीं चाहते हैं। ऐसे में मुझे लगता है कि यह सही फैसला है।

इस दौरान पोंटिंग ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों की जगह लेना मुश्किल होता है लेकिन भारत टेस्ट खेलने वाली किसी अन्य टीम की तुलना में बदलाव के इस दौर से बेहतर तरीके से निपट सकता है। उन्होंने कहा, भारतीय क्रिकेट ने जब यह तय कर लिया है, तो उन्हें इस पर टिके रहना होगा और गिल को लंबे समय तक टीम को नेतृत्व करने का मौका देना होगा। ऐसे खिलाड़ियों की जगह लेना हमेशा बहुत मुश्किल होता है क्योंकि वे लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे। इस तरह की परिस्थिति से अगर कोई देश अच्छे से निपट सकता है तो वह भारत ही है। उनके पास युवा प्रतिभाओं की भरमार है।

पोटिंग का मानना है कि जसप्रीत बुमराह और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी में अनुभव की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा- मैंने पिछले 10 वर्षों में आईपीएल में इसे खुद देखा है। हमने (यशस्वी) जायसवाल और इस तरह के खिलाड़ियों को उभरते हुए देखा है जिन्होंने भारतीय टीम में आकर बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है। भले ही शुभमन गिल जैसे युवा कप्तान हों लेकिन केएल राहुल और बुमराह जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी से उनके पास कुछ अनुभव होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here